हमीरपुर: कम्हारिया बंधे पर रील्स बना रहे थे युवक, पुलिस ने ऑन-द-स्पॉट सिखाया सबक, फिर चेतावनी देकर छोड़ा
Hamirpur News: मौदहा स्थित कम्हारिया बंधे पर जान जोखिम में डालकर रील्स बनाने और नहाने पहुंचे युवकों को पुलिस ने सबक सिखाया। पुलिस ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई में उलझाए युवकों को मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट अनूठी सजा दी और अपनी जिंदगी से खिलवाड़ न करने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में सोशल मीडिया पर रील्स बनाने का चस्का किस कदर युवाओं पर हावी है। इसका नजारा मौदहा थाना क्षेत्र के कम्हारिया बंधे पर देखने को मिला। बारिश के मौसम में पानी के तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर रील्स बना रहे और नहा रहे युवकों को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया।
हालांकि, पुलिस ने कोई कानूनी पचड़ा खड़ा करने के बजाय युवकों को मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट अनोखी सजा देकर सबक सिखाया। जानकारी के अनुसार, मौदहा के कम्हारिया बंधे पर कुछ युवक पानी के तेज बहाव के करीब जाकर मोबाइल से रील्स शूट कर रहे थे और नहा रहे थे। जरा सी चूक उनकी जान पर भारी पड़ सकती थी।
कानूनी पचड़े से बचाया, मौके पर ही सिखाया पाठ
इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम की नजर इन युवकों पर पड़ गई। पुलिस को देखते ही युवकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने युवकों को तुरंत पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने उन पर कोई औपचारिक मुकदमा दर्ज करने के बजाय मौके पर ही उठक-बैठक लगवाकर और सख्त चेतावनी देकर अनोखी सजा दी।
पुलिस की अनोखी पहल की चर्चा
पुलिस अधिकारियों ने युवकों को समझाया कि चंद सेकंड की रील्स और सोशल मीडिया के लाइक के चक्कर में अपनी कीमती जिंदगी को दांव पर न लगाएं। युवकों ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में दोबारा ऐसी गलती न करने का वादा किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिदायत देकर घर भेज दिया।