Hamirpur: शादी से चार दिन पहले युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
यूपी के हमीरपुर में ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। 17 जून को युवक की बरात जानी थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
विस्तार
हमीरपुर जिले के सरीला में पिता की समाधि पर जा रहे बाइक सवार युवक की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। मृतक के भाई ने पुरानी रंजिश में ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या करने का आरोप लगाया। युवक की चार दिन बाद शादी होनी थी। घटनास्थल पर कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों ने हंगामा किया। जरिया थाने के सरीला कस्बा निवासी रामधनी साहू ने बताया खेत में पिता ब्रजकिशोर साहू की समाधि है।
सोमवार रात 8.30 बजे छोटे भाई जगत प्रसाद (22) बाइक से पिता की समाधि पर दिया जलाने जा रहे थे। खेत के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक सात मीटर तक घिसटता चला गया। एंबुलेंस की मदद से परिजन सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। रामधनी ने बताया गांव के रामगोपाल से 20 साल पहले पिता का विवाद हुआ था। पिता की 15 साल पहले मौत हो चुकी है।
रामगोपाल उर्फ छोटे विश्वकर्मा पुराने विवाद में उनसे रंजिश मानता है। रंजिश में उसने भाई की हत्या की है। जगत प्रसाद फेरी लगाकर कपड़े बेचता था। 17 जून को युवक की बरात जानी थी। युवक की मौत से शादी वाले घर में कोहराम मचा है। मां संपत देवी का रो रो कर बुरा हाल है। जरिया थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।