Hamirpur Road Accident: ट्रैक्टर-ट्राली ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक छात्रा की मौत...दूसरी की हालत गंभीर
Hamirpur News: मनकी रोड पर कुतुबपुर गांव में ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से स्कूटी सवार छात्रा की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी, जिससे तीन घंटे तक जाम लग गया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में मनकी रोड पर कुतुबपुर गांव में तेज रफ्तार मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूटी सवार एक छात्रा की मौत हो गई। वहीं स्कूटी चला रही नाबालिग छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा रोड पर जाम लगा दिया।
स्थानीय पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर तीन घंटे बाद जाम खुलवाया। थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव निवासी पूजा पत्नी अर्जुन सिंह कस्बा स्थित आरआर इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षिका हैं। वहीं उनकी बेटी सुभी (15) कक्षा नौ में पढ़ती है। शुक्रवार को सुभी पढ़ने के बाद उसी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ने वाली अपनी पारिवारिक बहन कौशकी (8) पुत्री अजीत सिंह के साथ स्कूटी से घर मिश्रीपुर जा रही थी।
टायरों के नीचे आ गई थी कौशकी
जैसे ही वह मनकी रोड पर कुतुबपुर गांव पहुंची तभी तेज रफ्तार मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इस पर कौशकी ट्रैक्टर-ट्रॉली के टायरों के नीचे आ गई और कुचलकर मौत हो गई। वहीं, सुभी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत वहीं रुक गया।
भीड़ की पुलिस से जमकर नोकझोंक
इसी बीच ग्रामीणों ने चालक को पीटने के साथ ट्रैक्टर में आग लगा दी। पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ा कर हिरासत में ले लिया। भीड़ की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीण डीएम को बुलाने की मांग करने लगे। कोतवाल के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक दशरथ निवासी चकोठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल छात्रा के पिता अर्जुन सिंह ने बताया कि स्कूटी वह चला रहे थे। वह कस्बा काम से गए थे। बच्चों की छुट्टी होने पर उन्हें लेकर आ रहे थे। तभी घटना हो गई। थानाध्यक्ष योगेश त्रिपाठी ने बताया कि स्कूटी छात्रा चला रही थी। घटना कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।