हमीरपुर में दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से आग का गोला बनी स्कूटी, महिला को रौंदा...दर्दनाक मौत, मासूम झुलसी
Hamirpur News: कानपुर-सागर हाईवे पर डंपर की टक्कर से स्कूटी में आग लग गई। डंपर महिला को रौंदते हुए निकल गया। हादसे में महिला की नातिन गंभीर रूप से झुलस गई।
विस्तार
हमीरपुर जिले में कानपुर-सागर हाईवे के यमुना पुल पर डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। डंपर सड़क पर गिरी स्कूटी सवार महिला को रौंदते हुए निकला गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी में आग लगने से उसकी छह साल की नातिन गंभीर रूप से झुलस गई।
पति को मामूली चोट आई है। फायर ब्रिगेड के साथ कोतवाली पुलिस पहुंची और क्षत-विक्षत शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। डंपर की तलाश की जा रही है। शहर के भिलावां निवासी रामकिशोर ने बताया कि वह शुक्रवार को अपने साले की पुत्री की गोद भराई में शामिल होने पुखरायां गए थे।
उनके साथ पत्नी मीरा (55) और छह वर्षीय नातिन वाणी पुत्री विंशुल सचान भी थे। शनिवार को लौटते समय दोपहर करीब एक बजे यमुना पुल पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। इससे पत्नी मीरा उछलकर सड़क पर गिरी और डंपर उसे रौंदता हुआ निकल गया।
नातिन वाणी तीस फीसदी झुलसी
टक्कर लगते ही स्कूटी आग का गोला बन गई। आग से उनकी छह वर्षीय नातिन वाणी बुरी तरह से झुलस गई। आनन-फानन में रामकिशोर और वाणी को जिला अस्पताल लाया गया। डॉ. आरटी बनर्जी ने बताया कि वाणी तीस फीसदी झुलसी अवस्था में अस्पताल लाई गई है।
डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
बच्ची का प्राथमिक उपचार किया गया है। वीणा की फ्रॉक में लगी आग बुझाने में चौरा देवी निवासी मनोज के हाथ भी झुलस गए। मनोज ही रामकिशोर और वाणी को अपनी स्कूटी से लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर घायलों का इलाज जारी है। पुलिस डंपर चालक की तलाश में जुटी है।