हमीरपुर हादसा: रोडवेज बस ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत और दो गंभीर, ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर लगाया जाम
Hamirpur News: भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र में रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव में खेत जा रहे बाइक सवारों को रोडवेज बस ने कुचल दिया, जिससे एक किशोरी की मौके पर मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पीएचसी लाया गया। हालत नाजुक होने पर दोनों को सदर अस्पताल रेफर किया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर जाम लगा कर मुआवजे की मांग कर रहे है। घटना की सूचना पाकर एसडीएम सदर मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने में लगे हुए है।
टेढ़ा गांव निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि उसकी बुआ गंधारी का बेटा सुमित उर्फ सुन्दरम पुत्र गंगाराम निवासी सोनापुरवा थाना पैलानी जनपद बांदा घर आया हुआ था। रविवार को वह बाइक से मेरी छोटी बहन काजल(14), मंदाकिनी(16) को लेकर खेतों की ओर जा रहा था।तभी दोपहर करीब एक बजे टेढ़ा पावर हाउस के सामने सुमेरपुर बांदा स्टेट हाईवे बांदा की ओर जा रही रोडवेज बस ने कुचल दिया।जिससे बाइक सवार काजल की मौके पर मौत हो गई।जबकि बाइक चालक सुमित,मं दाकिनी घायल हो गई।
स्टेट हाईवे में लगा लंबा जाम
इन दोनों को पीआरवी टीम ने अपने वाहन से पीएचसी लाई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सुमित और मंदानिकी की हालत नाजुक होने से सदर अस्पताल रेफर किया गया। उधर, घटना की सूचना गांव में पहुंचने पर परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग करते हुए स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों का समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। इस पर एसडीएम सदर अभिषेक कुमार मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने में जुटे हुए है। दो घंटे से स्टेट हाईवे में जाम होने से दोनों ओर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन फंस गए।
