Hamirpur Accident: सड़क पर अचानक आ गया गोवंश, कार पलटी...चिकित्सक गंभीर, प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर
Hamirpur News: मुस्करा थाना क्षेत्र में सड़क पर अचानक गोवंश आ जाने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया है।
विस्तार
हमीरपुर जिले में सड़क पर अचानक सामने आए गोवंश को बचाने के चक्कर में चिकित्सक की कार पलट गई, जिसमें चिकित्सक गंभीर रुप से घायल हो गए। विकासखंड मुस्करा के इमिलिया सीएससी में तैनात डॉ. शरद विश्वकर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे अपने घर से ड्यूटी के लिए इमिलिया सीएचसी जा रहे थे।
तभी बसवारी से इमलिया की ओर मुड़ने पर सड़क पर अचानक गोवंश आ गए। उनको बचाने के चक्कर में कार असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने दौड़कर कार में फंसे डॉक्टर को गेट तोड़कर बाहर निकाला और एम्बुलेंस को सूचना दी।
उधर सूचना पर सीएचसी मुस्करा प्रभारी चिकित्सक डॉ. बृजेंद्र राजपूत तुरंत अपने निजी वाहन से मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल डॉ. को अपनी गाड़ी से एम्बुलेंस आने के पहले ही सीएचसी मुस्करा पहुंचाया। यहां ओपीडी ड्यूटी पर तैनात डॉ. मनुलिका और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने घायल डॉक्टर शरद विश्वकर्मा का प्राथमिक उपचार कर कानपुर के लिए रेफर कर दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर
डॉक्टर ने बताया कि डॉ. शरद के सिर पर चोट लगी है, जिसके चलते सीटी स्कैन जांच कराने और उपचार के लिए कानपुर के लिए रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक शशि पांडे मौके पर पहुंच गए और कार को सड़क से हटवाया, जिससे आवागमन शुरू हो सका। परिजनों को सूचना दे दी गई है।