UP: 15 अगस्त से शुरू होगी गोवर्धन एक्सप्रेस बस सेवा, मथुरा-वाराणसी के धार्मिक स्थलों के कर सकेंगे दर्शन
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अब रोडवेज बसों का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से करने की तैयारी है। इसी क्रम में कन्नौज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोवर्धन लाल कनौजिया के नाम पर 15 अगस्त से बस सेवा शुरू होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजादी के अमृत महोत्सव पर कन्नौज जिले के लोगों को गोवर्धन एक्सप्रेस बस की सौगात मिलने जा रही है। लोग अब आसानी से मथुरा और वाराणसी के धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। शासन के निर्देश पर जिले के वीर सपूत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोवर्धन लाल कनौजिया के नाम से रोडवेज बस मथुरा के लिए चलाई जाएगी।
15 अगस्त से चलने वाली इस रोडवेज बस का नाम गोवर्धन एक्सप्रेस होगा। यह शहर के बस अड्डे से रवाना होगी। गोवर्धन से लेकर बांके बिहारी, कृष्ण जन्म भूमि, बरसाना समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर पहुंचेगी। वहीं, एक बस बनारस के लिए संचालित होगी। अभी इस रोडवेज बस के नाम का चयन नहीं हो सका है।
एआरएम सुदेश कुमार निगम से बताया कि नौ अगस्त को शासन से बसें मिल जाएंगी। ये बसें आधुनिक बीएस-06 हैं। मथुरा जाने वाली बस का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोवर्धन लाल कनौजिया के नाम से गोवर्धन एक्सप्रेस होगा। बनारस जाने वाली बस का अभी नामकरण नहीं हो सका है।
गोवर्धन ने 1942 में अंग्रेजों से लिया था लोहा
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोवर्धन लाल कनौजिया का 30 अक्तूबर 1913 को तिर्वा कस्बे में जन्म हुआ था। 1942 में तमोली मंदिर पर उनके नेतृत्व में क्रांतिवीर अंग्रेजों पर हमले की योजना बना रहे थे। अंग्रेजों की सेना ने सभास्थल पर हमला कर दिया था।
गोवर्धन लाल कनौजिया ने चौराहा पर दरोगा को घेर कर घायल कर दिया था। आज यह जगह क्रांति चौराहा के नाम से जानी जाती है। इस घटना के बाद उन्हें अंग्रेजों ने गिरफ्तार कर 14 माह की काला पानी की सजा दी थी। 31 दिसंबर 2020 को आजादी के पुरोधा गोवर्धन लाल कनौजिया ने अंतिम सांस ली थी।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से जानी जाएंगी यूपी रोडवेज की बसें
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अब रोडवेज बसों का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से करने की तैयारी है। इसके लिए जिला प्रशासन से जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के नाम भी मंगवा लिए हैं। देेश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। ऐसे में जिले के वीर सपूतों की वीरगाथा जन-जन तक पहुंचाने की मंशा से रोडवेज बसें चलाई जाएंगी। इस कार्य से नई पीढ़ी तक जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जानकारी पहुंचेगी।