UP: प्रेमिका ने किया सुसाइड...परिजनों ने रात में कर दिया दाह संस्कार, सुबह प्रेमी ने पेड़ से फंदा लगाकर दी जान
Fatehpur News: किशनपुर थाना क्षेत्र में प्रेमिका के सुसाइड के बाद प्रेमी ने भी फंदा लगाकर जान दे दी। लड़की के परिजनों ने देर रात ही युवती का दाह संस्कार कर दिया। वहीं, युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
विस्तार
फतेहपुर जिले में किशनपुर थाना क्षेत्र के अमनी गांव में होलिका दहन के एक दिन पहले प्रेमी जोड़े ने आत्महत्या कर ली। गांव के ही दूसरी बिरादरी की युवती से दिलीप कोरी का प्रेम प्रसंग था। दिलीप गुड़गांव में नौकरी करता था, वह होली में गांव आया हुआ था।
ग्रामीणों की मानें, तो युवक और युवती को लड़की के परिजनों ने मिलते हुए देखा था। तब युवक मौके से भाग गया। क्षुब्ध युवती ने घर में ही शाम को दुपट्टे से फंदा बना फांसी लगा ली। परिजनों ने आनन फानन में रात में ही युवती का दाह संस्कार कर दिया।
मोबाइल से लोकेशन ट्रेस कर पहुंची थी पुलिस
प्रेमिका की मौत की खबर जैसे ही दिलीप को लगी।वह घर से आठ बजे निकला, देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। चौकी विजयीपुर में सूचना दी। इस पर पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर से लोकेशन ट्रेस की और उसके पास पहुंची।
किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली
तब पता चला कि युवक ने चद्दर से फंदा बना फांसी लगा ली, उसका शव पेड़ से लटका मिला था। चौकी इंचार्ज विजयपुर धनंजय सरोज ने बताया पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।