Ghatampur Road Accident: अनियंत्रित होकर पलटा लोडर, दो की मौत और नौ घायल, तीन जिला अस्पताल रेफर
Kanpur News: घाटमपुर थाना क्षेत्र के तेजपुर गांव के तेज रफ्तार लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों को सीएससी गजनेर में भर्ती कराया गया। वहीं, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर देहात में शिवली से बरात कर लौट रहा लोडर घाटमपुर के तेजपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें रोड लाइट में काम करने वाले नौ लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकतर 10 से 15 वर्ष के बच्चे हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर में भर्ती कराया गया।
इनमें दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन को जिला अस्पताल रेफर किया गया।गजनेर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मिली जानकारी के अनुसार, शिवली क्षेत्र के डब्बा निवादा से बीती शाम बरात घाटमपुर गई थी। इस बरात में टाइगर डीजे एवं रोड लाइट शिवली की बुकिंग थी।
रोड लाइट का संचालक आनंद कश्यप अपने लोडर से बच्चों को रोड लाइट के लिए ले गया था। लोडर आनंद कश्यप ही चला रहा था। रात दो बजे के करीब जब लोडर घाटमपुर गजनेर मार्ग पर था। तभी तेजपुर नाला मोड़ के पास अनियंत्रित लोडर पलट गया। इससे लोडर में सवार नौ लोग घायल हो गए।
हादसे में ये हुए घायल
इनमें विशाल (11) पुत्र कमलेश निवासीमुन्ना निवादा व अर्जुन (12) पुत्र तोतानाथ निवासी बाछीपुर थाना चौबेपुर की मौत हो गई। वहीं, ऋतिक कश्यप (16) पुत्र आनंद कश्यप निवासी शिवली, विवेक कुमार (10) पुत्र प्रेमनाथ निवासी बाछीपुर, बीरेंद्र कुमार (19) पुत्र नयननाथ निवासी थाना शिवली घायल हो गए।
तीन को जिला अस्पताल किया रेफर
साथ ही, आनंद कुमार (45) पुत्र स्व. राधेश्याम निवासी शिवली, रोहित (16) पुत्र शिव प्रसाद निवासी शिवली, रवि (12) पुत्र लल्ला नाथ निवासी बाछीपुर, बौरा (12) पुत्र अनिल कुमार निवासी शिवली घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल तीन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।