घाटमपुर: बेटों के झगड़े से आजिज आकर वृद्ध दंपती ने ट्रेन से कटकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
घाटमपुर में सजेती थाना क्षेत्र के बरीपाल गांव में बेटों के बीच आए दिन के झगड़े से त्रस्त आकर वृद्ध दंपती ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। बुधवार सुबह खोजबीन में जुटे परिजनों को दोनों के क्षत-विक्षत शव बरीपाल रेलवे स्टेशन से घाटमपुर की ओर करीब पांच सौ मीटर दूर पड़े मिले।
जीआरपी शवों को लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए बांदा लेकर चली गई। सजेती पुलिस ने बेटों से पूछताछ की है। बरीपाल गांव निवासी राजू संखवार (55) मजदूरी करते थे। परिवार में पत्नी रामश्री (50), तीन बेटे आसकरन, जयकरन व राजकरन हैं। सभी एक ही घर में अलग-अलग रहते हैं।
दो बेटियों की शादी हो चुकी है। तीनों बेटे भी मजदूरी करते हैं। घर की आर्थिक हालत भी ठीक नहीं है। पुलिस के मुताबिक बेटों के बीच आपस में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। जिससे वृद्ध राजू व रामश्री परेशान रहते थे। मंगलवार रात भी बेटे मामूली बात पर झगड़ रहे थे।
दंपती ने टोका तो उन्हें भी बुरा-भला कहा। आए दिन के झगड़े से आजिज आकर दंपती रात में ही घर छोड़कर चले गए। ग्रामीणों ने बताया कि दंपती कई बार पहले भी नाराजगी में घर छोड़कर जा चुके थे और कुछ देर बाद वापस लौट आते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ।
पूरी रात दंपती के लौटकर न आने पर बेटे उनकी खोजबीन में जुटे थे। बुधवार सुबह बेटों को बरीपाल रेलवे स्टेशन से घाटमपुर की आरे 500 मीटर दूर दो क्षतविक्षत शव पड़े होने की सूचना मिली। बेटों ने मौके पर पहुंचकर शवों की शिनाख्त पिता राजू व मां रामश्री के रूप में की।
एसओ सजेती जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। बेटों में आए दिन छोटी मोटी बातों को लेकर झगड़ा होता था। जिससे नाराज होकर दंपती ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।