Etawah: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 10 बाइकें बरामद, टीम को मिलेगा 20 हजार का इनाम
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को दबोचा है। पुलिस ने उसके पास से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई दस बाइकें बरामद की है।
विस्तार
इटावा जिले में फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और एसओजी टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरप्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 10 बाइकें भी बरामद की गई हैं। ये बाइकें एक खंडरनुमा मकान में छिपा कर रखी गई थीं और इन्हें दिल्ली, गुरुग्राम और अन्य स्थानों से चुराया गया था।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ रहीं वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम को खुलासे के लिए लगाया था। सोमवार को टीमें आईटीआई चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थीं, तभी मैनपुरी की ओर से दो बाइकों पर चार लोग आते दिखाई दिए।
संदिग्ध होने पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अपनी बाइकों को कोकपुरा की ओर भगा लिया। पुलिस ने उनका पीछा किया और कोकपुरा के पास से इन्हें पकड़ लिया। जब बाइकों के कागजात मांगे तो वह दिखा नहीं सके।
पुलिस ने थाने लाकर इनसे पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि यह बाइकें चोरी की हैं। पकड़े गए युवकों ने अपने नाम जयंत उर्फ जीतू निवासी गाडीवार थाना एलाऊ मैनपुरी, आकाश निवासी भालासैया थाना सैफई, शिवम निवासी बीरपुरकला थाना एलाऊ व ऋषि यादव निवासी बसावनपुर थाना एलाऊ बताया।
खंडहरनुमा मकान में छिपाकर रखी थी बाइकें
पकड़े गए लोगों ने बताया कि चोरी की अन्य बाइकें उन्होंने मैनपुरी रोड स्थित एक खंडहरनुमा मकान में छिपाकर रखी हैं। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर आठ बाइकें और बरामद कर लीं। आरोपियों बताया कि उन्होंने इन बाइकों को दिल्ली, गुरूग्राम के अलावा अन्य स्थानों से चुराया था।
10 से 15 हजार में बेचते थे बाइक
बरामद बाइकों में दो बुलेट, तीन स्पलेंडर, दो सीडी डीलक्स, दो डिस्कवर और एक अपाचे शामिल है। चोरी की बाइकों को वह लोग 10 से 15 हजार रुपये में बेच देते थे। एसएसपी ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषण की है।
बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम
वाहन चोर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करने व उनके पास से 10 बाइकें बरामद करने वाली टीम में एसओ फ्रेंड्स कॉलोनी विवेक चौधरी, एसओजी प्रभारी अनिल कुमार विश्वकर्मा, सर्विलांस प्रभारी मंसूर अहमद की टीमें शामिल रहीं। एसएसपी ने बताया कि त्रषि यादव के खिलाफ मैनपुरी जिले के अलग-अलग थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं।