Mahoba Crime: वर्ल्डकप फाइनल में सट्टा खिलाने वाले चार सटोरिए गिरफ्तार, कई मोबाइल फोन और नकदी बरामद
Mahoba News: कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सट्टा खेल रहे दीपक चौरसिया, सतीश चौरसिया, सौरभ व संजय श्रीवास को पकड़ा गया। इनके पास से 10,120 रुपये और छह मोबाइल बरामद किए गए हैं।
विस्तार
महोबा जिले में क्रिकेट वर्ल्डकप के फाइनल मैच में सट्टा खिलाने वाले चार सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से चार एंड्रायड फोन और दो आईफोन के साथ हजारों की नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई से सट्टा खेलने व खिलाने वालों में खलबली मची है। करीब एक माह पहले शुरू हुए क्रिकेट वर्ल्डकप में जिले में सट्टे का कारोबार जमकर चला। प्रत्येक मैच में लाखों के दांव लगाने वाले लोग कंगाल हो गए जबकि सटोरियां मालामाल हुए।
सट्टा खिलाने की लगातार मिल रहीं शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता ने पुलिस टीम गठित की थीं। रविवार की देर शाम वर्ल्डकप फाइनल के दौरान सट्टा खिला रहे चार लोगों को मोहल्ला धुबियाना स्थित संजय श्रीवास उर्फ बिल्ला के घर के बाहर से गिरफ्तार किया गया।
10 हजार रुपये और छह मोबाइल बरामद
कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सट्टा खेल रहे दीपक चौरसिया, सतीश चौरसिया, सौरभ व संजय श्रीवास को पकड़ा गया। इनके पास से 10,120 रुपये और छह मोबाइल बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पूरे दिन कोतवाली के बाहर जुड़े लोगों की भीड़ जुटी रही।