यूपी: योगीराज 2.0 में कानपुर पुलिस का पहला एनकाउंटर, हिस्ट्रीशीटर ढाबा गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बदमाशों से पुलिस की पहली मुठभेड़ हुई, जिसमें हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ ढाबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ढाबा के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए। वहीं ढाबा का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
योगी सरकार 2.0 में पुलिस ने कानून व्यवस्था को और बेहतर करने की दिशा में बदमाशों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इस क्रम में कानपुर में बदमाशों पर अंकुश लगाते हुए चेकिंग कर रही पुलिस टीम की बदमाशों से योगी सरकार में पहली मुठभेड़ हो गई।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से एक हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ ढाबा घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे में भाग निकला। पुलिस ने गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर को अस्पताल में भर्ती कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीसीपी पश्चिम बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि बीती देर रात स्वॉट टीम व थाना नवाबगंज पुलिस टीम के द्वारा गंगा बैराज से बिठूर रोड पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी एक मोटर साइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने उन्हें रोका तो मोटर साइकिल भगाने लगे। शक के आधार पर उनका पीछा किया गया।
पुलिस को पीछा करते व अपने आप को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस की गोली एक मोटर साइकिल सवार बदमाश के पैर में जा लगी और वह गिर गया। इस बीच उसका दूसरा साथी अंधेरे में भाग निकला।
घायल बदमाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पकड़ा गया बदमाश हिस्ट्रीशीटर संजय उर्फ ढाबा निकला। पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट आदि के लगभग तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। मौके से एक तमंचा, खोखा कारतूस व एक मोटर साइकिल बरामद हुई है।
घायल ढाबा को इलाज के लिए हैलट अस्पताल ले जाया गया है और उससे पूछताछ के आधार पर उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी का भी प्रयास किया जा रहा है।