औरैया अग्निकांड: आग ने मचाई तबाही! शॉर्ट सर्किट से दो घरों में हुआ हादसा, गृहस्थी का सामान जलकर राख
बिधूना कोतवाली क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से दो घरों में भीषण आग लग गई, जिसमें दोनों घरों में गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
औरैया जिले में बिधूना कोतवाली क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से दो घरों में आग लग गई। इस हादसे में दोनों घरों में गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बता दें कि दोनों घरों में अप्रैल माह में बेटियों की शादी होनी थी।
सराय महाजनान निवासी श्रीकृष्ण पुत्र छोटे लाल और राम दयाल पुत्र गोधन के मकानों में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य खाना खाकर खेतों पर काम करने गए थे। आग लगने की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने पुलिस व फायर बिग्रेड को सूचना दी।
साथ ही खुद भी आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों के मुताबिक शॉर्ट सर्किट से पहले श्रीकृष्ण के घर पर रखे छप्पर में आग लगी। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और रामदयाल के घर को अपने चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पुलिस व फायर बिग्रेड की गाड़ी गांव पहुंच गई।
अप्रैल में दोनों घरों में थीं शादियां
दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। राम दयाल ने बताया कि दो अप्रैल को पुत्री निर्मला की शादी होनी थी। इसके लिए बेड, सोफा, कुर्सी, 12 तरीख को चढ़ने वाले तिलक के लिए खरीदा गया सभी सामान जलकर राख हो गया।
गृहस्थी और शादी का सामान जलकर राख
वहीं श्रीकृष्ण के मकान में रखा छप्पर, कपड़े, चारपाई, गेहूं, सात बोरी सरसों, तीन पैकेट मूंगफली और साइकिल समेत 22 अपैल को पुत्री रोशनी की होने वाली शादी के लिए जुटाया गया सभी सामान जलकर राख हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंचे अधिकारी जांच में जुटे हैं।