भरथना। मंडी रोड स्थित ट्रांसफार्मर में मंगलवार रात फॉल्ट होने से आग लग गई। दमकल ने करीब बीस मिनट बाद आग पर काबू पाया। इस कारण करीब एक घंटे तक दो नंबर फीडर से सात मोहल्लों की आपूर्ति बाधित रही। आग बुझने के बाद ट्रांसफार्मर की मरम्मत करके आपूर्ति को सुचारू किया।
मंडी समिति मार्ग पर स्थित 63 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर में शाॅर्ट सर्किट होने से मंगलवार रात करीब 11:35 बजे आग लग गई। ट्रांसफार्मर की आग ने केबल को चपेट में ले लिया और धू-धूकर जलने लगा। आग देखकर आसपास घरों के लोग भी सड़क पर उतर आए। लोगों ने बिजली कर्मियों समेत दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद आपूर्ति बंद कर दी गई। सूचना पर दमकल गाड़ी ने 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। विद्युत लाइनमैन ने मरम्मत कार्य किया।
इस बीच फीडर नंबर दो को बंद कर दिया गया। इससे ब्रजराजनगर, महावीर नगर, गांधीनगर, पुराना भरथना, मंडी रोड समेत लगभग सात मोहल्लों की आपूर्ति एक घंटे बाधित रही। मरम्मत कार्य के बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। जेई नीरज कुमार ने बताया कि ओवरलोड की वजह से ट्रांसफार्मर में फॉल्ट हुआ था और इसी से आग लग गई थी। नए ट्रांसफार्मर की मांग भेज दी गई है। देर शाम तक ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।