कानपुरः पनकी पावर हाउस में लगी भीषण आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पनकी पॉवर हाउस के तीन इंटर कनेक्टिक ट्रांसफार्मर (आईसीटी) अगल-बगल लगे हैं। इनसे शहर के 85 सबस्टेशनों को बिजली सप्लाई की जाती है। इसी में एक पॉवर ट्रांसफार्मर में शाम लगभग 5:15 बजे आग लग गई। ट्रांसफार्मर में तेज धमाका होने के साथ ही पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। ग्रिड ट्रांसमिशन सबस्टेशन से जरीब चौकी डिवीजन के चमनगंज, जवाहर नगर, जरीब चौकी, साइकिल मार्केट, माल रोड, म्योर मिल, चीना पार्क, आलूमंडी, कल्याणपुर, केशवपुरम, नानकारी, दादा नगर, फजलगंज, आजादनगर सबस्टेशनों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। सबसे ज्यादा असर 132 केवी आजाद नगर ग्रिड सबस्टेशन और दादानगर ट्रांसमिशन सबस्टेशन की बिजली आपूर्ति पर पड़ा।
पनकी पॉवर हाउस और फायर ब्रिगेड की पांच-पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने सभी ट्रांसफार्मरों की बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद पानी की बौछार शुरू की। इस दौरान ट्रांसफार्मर में लगे इंसुलेटर फट गए। धमाके के साथ उनके टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। इससे फायर कर्मियों को आग बुझाने में दिक्कत झेलनी पड़ी। ट्रांसफार्मर में तेल भरा होने के कारण लपटें काबू में नहीं आ रही थीं। फायर कर्मियों ने पानी के बाद आग बुझाने में फोम का इस्तेमाल किया लेकिन आग बुझी नहीं।
रात साढ़े नौ बजे के बाद दूसरे ग्रिड सबस्टेशनों से शहर के कुछ हिस्सों की बिजली आपूर्ति धीरे-धीरे चालू कर दी गई, लेकिन केस्को से जुड़े 45 सबस्टेशनों से देर रात तक आपूर्ति शुरू नहीं हुई। अफसरों के मुताबिक बाकी जगह आधी रात के बाद आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।