बेटे की हत्या कर, पिता भी फंदे पर लटका: पत्नी की सूचना पर मासूम का पोस्टमार्टम, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नौबस्ता के हनुमंत विहार इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक पिता ने अपने छह साल के बच्चे की हत्या कर दी। परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, मायके से आई पत्नी की सूचना पर पुलिस ने मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराया।
विस्तार
कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अर्रा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। सनकी पिता मासूम बेटे की हत्या कर खुद भी फंदे से लटक गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर बच्चे का शव दफना दिया और उसके पिता का दाह संस्कार करा दिया। आठ माह से मायके में रह रही पत्नी को जब पड़ोसी से सूचना मिली, तो उसने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने दफनाए गए बच्चे के शव को शनिवार को निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अर्रा गांव निवासी आशीष सिंह के परिवार में पत्नी नीरू दो बेटियां खुशी (08), दिव्या (04) व इकलौता बेटा कृष्णा (07) था। आशीष पान मसाले की दुकान चलाता था। आशीष के पिता राम कुमार ने बताया कि बेटा नशे का लती था। इस कारण बहू अपनी बेड़ी बेटी को लेकर आठ माह पहले पुखरायां स्थित मायके चली गई थी। उन्होंने बताया कि बुधवार को जब आशीष कहीं नजर नहीं आया, तो कमरे में जाकर देखा। दोनों के शव फंदे से लटक रहे थे।,
इसके बाद दोनों शवों का महाराजपुर के ड्योढ़ी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इधर, पड़ोसियों की सूचना पर शुक्रवार को आशीष की पत्नी नीरू अपने पिता लाखन के साथ ससुराल पहुंची। उसने आरोप लगाया कि जब ससुराल वालों से घटना के बारे में पूछा तो वे लोग आनाकानी करने लगे। इसके बाद उसने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने जिलाधिकारी के आदेश पर एसीएम प्रथम राजेश कुमार की मौजूदगी में बच्चे का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या करने के बाद फंदे से लटकाए जाने की पुष्टि हुई।
नीरू की तहरीर पर पति आशीष के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। हालांकि उसकी मौत हो चुकी है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के तहत एफआईआर की गई है। बाद में यह मुकदमा खत्म कर दिया जाएगा। वहीं परिजनों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। - विकास कुमार पांडेय, एसीपी गोविंदनगर