{"_id":"6967d3c5d71f79990001535b","slug":"fatehpur-video-of-transgender-woman-held-hostage-and-hair-cut-goes-viral-2026-01-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Fatehpur: किन्नर को बंधक बनाकर बाल काटने का वीडियो वायरल, अपहरण का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Fatehpur: किन्नर को बंधक बनाकर बाल काटने का वीडियो वायरल, अपहरण का आरोप
Wed, 14 Jan 2026 11:06 PM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फतेहपुर
Published by: शिखा पांडेय
Updated Wed, 14 Jan 2026 11:06 PM IST
सार
सोनम नायक भाजपा सरकार में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री भी रह चुकी हैं। गाजीपुर और किशनपुर के थानाध्यक्ष का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
विज्ञापन
किन्नर को बंधक बनाकर बाल काटे
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
किन्नर को बंधक बनाकर बाल काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह वीडियो गाजीपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो में फतेहपुर की किन्नर सोनम नायक के साथ कथित रूप से अभद्रता की घटना सामने आई है। आरोप है कि किन्नर समाज के ही कुछ लोगों ने दूसरे क्षेत्र में जाने पर उसके बाल काट दिए।
विज्ञापन
वायरल वीडियो में किन्नर समाज के कुछ लोग नियमों का हवाला देते हुए गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। सोनम नायक को चारपाई पर बैठाकर एक किन्नर उसके सिर के बाल काटती नजर आ रही है। वीडियो में बाल काटने वाली किन्नर यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि सोनम नायक को गाजीपुर में एक बरात के दौरान अपने क्षेत्र में वसूली करते पकड़ा गया था। सोनम नायक पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री भी रह चुकी हैं।
विज्ञापन
इकबाल गुट की सलमा किन्नर ने बताया कि इस घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन से शिकायत की गई है। अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि दूसरे गुट की किन्नरों ने सोनम का अपहरण किया और असलहों के बल पर उसे गाजीपुर स्थित अपने ठिकाने पर ले जाकर बाल काटे। बाल काटने वाली किन्नर की पहचान श्रेया किन्नर के रूप में बताई गई है। साथ ही गुरु इकबाल के खिलाफ भी अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाया गया है।
विज्ञापन
श्रेया किन्नर का कहना है कि वायरल वीडियो एआई के जरिये बनाया गया है। गाजीपुर थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। घटना किशनपुर क्षेत्र की बताई जा रही है। किशनपुर थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने भी कहा कि इस संबंध में अब तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।