Fatehpur Road Accident: खड़ी किया में फॉर्च्यूनर की टक्कर, मामी-भांजे की मौत और आठ घायल, अस्पताल में भर्ती
Fatehpur News: कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर खड़ी किया कार में फॉर्च्यूनर ने टक्कर मार दी। हादसे में मामी-भांजे की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।
विस्तार
फतेहपुर जिले में कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने रविवार सुबह करीब सात बजे श्रद्धालुओं की खड़ी कार में टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसके भांजे की मौत हो गई। दोनों वाहनों के आठ लोग घायल हो गए। फॉर्च्यूनर की टक्कर से बिजली पोल टूटकर अलग हो गया।
राजस्थान प्रांत करौली जिला टोडाभीम निवासी गिरिराज प्रसाद सोनी ने बताया कि वह अपनी किया कार से पत्नी राधा सोनी (58),भांजा कृष्णकांत सोनी (45), भांजी सुमन (42)पत्नी कृष्णकांत, अन्ना सोनी (13) पुत्र कृष्णकांत, चालक हरिसिंह मीना (48) संग प्रयागराज महाकुंभ स्नान को जा रहे थे।
फॉर्च्यूनर की रफ्तार 180 किलोमीटर प्रतिघंटा थी
हाईवे पर थरियांव थानांतर्गत बहिलापुर के पास गिरिराज ने शौचक्रिया को कार रुकवाई। कार हाईवे किनारे खड़ी कराने के बाद नजदीक में गिरिराज शौच करने गए थे। इस दौरान करीब 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से आई फॉर्च्यूनर ने किया कार में पीछे से टक्कर मार दी।
जिला अस्पताल में मामी व भांजे की मौत
किया कार करीब 10 मीटर दूर खंती में चली गई। फॉर्च्यूनर बिजली पोल से टकराई। बिजली पोल टूटकर अलग हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों के घायलों को बाहर निकाल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में राधा सोनी व उसके भांजे कृष्णकांत की मौत हो गई। चालक हरिसिंह मीना व सुमन घायल हुए।
चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका
राजस्थान प्रांत अजमेर जिला किशनगढ़ निवासी फॉर्च्यूनर सवार बालचंद्र जांगड़ (60)व उनकी पत्नी गीता देवी, पुत्र नरेश जांगड़, बहू ज्योति जांगड़,मालाराम की पत्नी गीता देवी (85), दिनेश जांगड़ की पत्नी कमाता (27) मामूली रूप से जख्मी हुए। हादसे के पीछे पुलिस फॉर्च्यूनर चालक को झपकी आने व तेज रफ्तार में होना मान रही है। एएसपी विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे गए हैं। तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।