फर्रुखाबाद: पूर्व सैनिक की मंदिर गेट पर मौत, दर्शन करने पहुंचे थे नीबकरोरी, मैनपुरी की महिला भी भीड़ में अचेत
Farrukhabad News: नीबकरोरी धाम में बुढ़वा मंगल के अवसर पर दर्शन करने पहुंचे कन्नौज निवासी पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह यादव (55) की मंदिर के पश्चिमी गेट पर गश खाकर गिरने से मौत हो गई। वहीं, मैनपुरी से आईं एक अन्य महिला श्रद्धालु भी भीड़ के दौरान लाइन में अचेत होकर गिर गईं, जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में बुढ़वा मंगल पर नीबकरोरी धाम में बाबा लक्ष्मण दास के दर्शन करने पहुंचे पूर्व सैनिक की मंदिर के गेट पर गश खाकर गिरने के बाद मौत हो गई। इससे वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पूर्व सैनिक पैरालिसिस से पीड़ित थे।
कन्नौज के कस्बा छिबरामऊ निवासी पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह यादव (55) मंगलवार सुबह पत्नी बीना, साली गुड्डी देवी व साढ़ू दीवान सिंह के साथ नीबकरोरी धाम में बाबा के दर्शन करने पहुंचे। वहां वह मंदिर के पश्चिमी गेट पास खड़े थे। तभी अचेता होकर गिर पड़े।
परिजन रो-रोकर बेहाल
यह देख परिजन ने चीख पुकार की। इस पर वहां एंबुलेंस के साथ तैनात डॉक्टरों की टीम ने उनका उपचार किया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी मोहम्मदाबाद भेज दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
भीड़ में महिला अचेत होकर गिरी
मैनपुरी के गोला बाजार निवासी मीरा देवी पत्नी रामसहाय नीबकरोरी धाम में दर्शन करने पहुंचीं। वह लाइन में लगने के बाद मंदिर में पहुंच गई थीं। तभी वह गश खाकर गिर पड़ीं। वहां मौजूद डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया।