Farrukahabad: सड़क निर्माण में भेदभाव का आरोप, पानी की टंकी पर चढ़ा ग्रामीण; यूपी 112 पर खुद दी सूचना
Farrukhabad News: फर्रुखाबाद में सड़क निर्माण के दौरान भेदभाव का आरोप लगाकर एक ग्रामीण युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और उसे नीचे उतारने का प्रयास किया।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले में खेत के सामने से गुजरे मार्ग पर डामर डालने के दौरान भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसने यूपी 112 पर कॉल कर शिकायत की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काम रोक दिया और ग्रामीणों को नीचे उतारने का प्रयास किया। दो दिन पूर्व कर्मचारियों से गाली-गलौज करने में ग्रामीण को पुलिस ने गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया था।
थाना क्षेत्र के आलूपुर निवासी लख्मीचंद (35) का खेत जहानगंज-इकडरिया मार्ग के किनारे स्थित है। मार्ग क्षतिग्रस्त हो जाने पर मंगलवार को वहां डामर डालने का काम किया जा रहा है। दोपहर करीब 12:30 बजे लख्मीचंद ने पहुंच आरोप लगाया कि उनके खेत की ओर डामर बढ़ाकर डाला जा रहा। जबकि दूसरी ओर जगह छोड़ दी जा रही है। कर्मचारियों ने उसकी बात नहीं सुनी, तो वह पास स्थित जल निगम की पानी की टंकी पर चढ़ गया।
लख्मीचंद ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की थी
खुद ही यूपी 112 पर कॉल कर सूचना दी। इस पर थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस टीम के साथ पहुंचे और ग्रामीण से नीचे उतरने को कहा तो वह तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने निर्माण कार्य को रुकवाया और ठेकेदार को मौके पर बुलाया। पुलिस ग्रामीण को समझाने का प्रयास करती रही। रविवार को लख्मीचंद ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की थी। शिकायत पर पुलिस ने लख्मीचंद को ही गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान कर दिया था।