फर्रुखाबाद में भीषण सड़क हादसा: चालक को झपकी आने से पलटी पिकअप, तीन महिलाओं की मौत, 21 घायल
Farrukhabad News: जहानगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज में पांचाल घाट गंगा तट पर अस्थि विसर्जन करके घर लौटते समय छिबरामऊ मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी पलट गई। एक ही परिवार और रिश्तेदार समेत 28 लोग खंदक में जा गिरे। पुलिस ने चालक समेत 24 घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान तीन महिलाओं ने दम तोड़ दिया।
हादसा चालक को झपकी आने से हुआ। इटावा के थाना सैफई के गांव भाला सैया निवासी दिलीप चंद्र शाक्य के पिता विनोद कुमार की मृत्यु हो गई थी। उनकी अस्थि विसर्जन के लिए शनिवार शाम गांव के ही अशोक यादव की पिकअप से दिलीप के परिजन और रिश्तेदार समेत 28 लोग गंगा तट पर पहुंचे। भोर में अस्थि विसर्जन, स्नान के बाद सभी पिकअप से घर लौट रहे थे। सुबह करीब छह बजे जहानगंज थाने के गांव बहोरिकपुर तिराहे से पहले चालक को झपकी आ गई और पिकअप बिजली के पोल से टकराकर खंदक में पलट गई।
पुलिस ने सभी घायलों को लोहिया अस्पताल भिजवाया, वहां भाला सैया निवासी रामकली (73), सुशीला (35) व निरौली निवासी रामदेवी (70) ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से जख्मी 19 घायलों को सैफई रेफर कर दिया गया। डीएम डॉ. वीके सिंह, एसपी आलोक प्रियदर्शी, एसडीएम रजनीकांत पांडेय, तहसीलदार श्रद्धा पांडेय, सीएमएस डॉ. अशोक प्रियदर्शी आदि अधिकारी पहुंचे। डीएम ने सीएमएस को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए।