Chitrakoot: किसानों का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन, बोले- अन्ना गोवंश से फसलों को खतरा, हमला कर कर देते हैं घायल
Chitrakoot News: अन्ना गोवंश से परेशान 10 गांवों के किसानों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रदर्शन किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे।
विस्तार
चित्रकूट जिले के 10 गांवों के किसानों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। सुदीनपुर, रौली, कल्याणपुर, लूक, भटूरा, अमिलिहा समेत कई गांवों के किसान बड़ी संख्या में जुटे और नाराजगी जाहिर की।
किसानों का आरोप है कि अन्ना गोवंश उनकी फसलों को बर्बाद कर रहे हैं और प्रशासन इस समस्या के समाधान में असफल है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता भी पहुंचे, जो किसानों के साथ वही धरने पर बैठ गए।
एडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन किसानों की मांगें सख्त थीं। फूलचंद द्विवेदी ने कहा कि इन गायों को हटाने की कोशिश करने पर वे हमला कर देती हैं, जिसके चलते 15-20 किसान घायल हो चुके हैं। उन्होंने डीएम को एक शिकायती पत्र सौंपकर वन विभाग से उचित व्यवस्था करने की मांग की।
जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो करेंगे बड़ा आंदोलन
प्रदर्शन में भाजपा के नेता जगदीश गौतम, सत्य प्रकाश, अवधेश कुमार, कृष्ण कुमार जौहरी, शिव शंकर, रमाकांत और अन्य प्रमुख नेता शामिल रहे। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे।