महोबा: ब्लैकमेलिंग से परेशान किसान ने दी जान, रुपये न देने पर दबंगों ने वायरल की अश्लील फोटो, पढ़ें पूरा मामला
Mahoba News: थानाध्यक्ष यशवंत सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के पुत्र ने गांव के ही दो लोगों पर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया है।
विस्तार
महोबा जिले में थाना महोबकंठ के दुलारा गांव में ब्लैकमेलिंग का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। गांव के ही दो लोग एक महिला के साथ किसान के खेत पहुंचे थे। इसके बाद किसान के बगल में महिला को खड़ाकर फोटो खींच ली। फोटो वायरल न करने की एवज में 30 हजार रुपये की मांग की।
ब्लैकमेलिंग से परेशान किसान ने जहर खाकर जान दे दी। मृतक के पुत्र ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दुलारा गांव निवासी कुट्टूपाल (50) खेती-किसानी का काम करता था। वह खेत में झोपड़ी बनाकर फसल की रखवाली करता था।
दो दिन पहले गांव के दो लोग एक महिला के साथ कुट्टूपाल के खेत पहुंचे और किसान से महिला के बगल में खड़े होकर फोटो खिंचवाने की बात कही। फोटो खींचने के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि यदि 30 हजार रुपये नहीं दिए, तो फोटो वायरल कर देंगे। इससे समाज में मुंह दिखाने के लायक नहीं बचोगे।
30 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये देने की मांग
ब्लैकमेलिंग से परेशान किसान ने परिजनों को पूरी घटना बताई। गुरुवार की शाम एक बार फिर आरोपी उसके घर पहुंचे और 30 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये देने अन्यथा फोटो वायरल करने की धमकी दी। रुपये न मिलने पर आरोपियों ने महिला के साथ किसान की फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर दी।
झोपड़ी में चारपाई पर पड़ा मिला शव
फोटो वायरल होने से समाज में बदनामी और ब्लैकमेलिंग से परेशान किसान ने जहर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। जब परिजन शुक्रवार की सुबह खेत पहुंचे, तो कुट्टू पाल का शव झोपड़ी में चारपाई पर पड़ा मिला। मुंह से झाग निकल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की।
दो लोगों पर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप
साथ ही, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र ने गांव के ही दो लोगों पर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया है। इससे आहत होकर पिता के आत्महत्या करने की बात कही है। थानाध्यक्ष यशवंत सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।