हरदोई: घास निकालते समय तालाब में डूबा किसान, मौत; पिहानी के पुरवा हफीजुद्दीन की घटना
Hardoi News: कोतवाली क्षेत्र के पुरवा हफीजुद्दीनपुर में मंगलवार सुबह तालाब से घास निकालते समय किसान की डूबने से मौत हो गई। घास निकालने के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। काफी देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से परिजनों ने तालाब से शव बाहर निकाला।
विस्तार
पुरवा हफीजुद्दीनपुर निवासी सुनील (36) ने दूल्हापुर निवासी रघुनाथ के पट्टे पर लिए गए तालाब को ठेके पर लिया था। वह तालाब में सिंघाड़े की खेती करते थे। इन दिनों पानी अधिक होने के कारण तालाब में घास भी काफी हो गई थी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह घास निकालने तालाब पर पहुंचे थे।
घास निकालते समय फिसला पैर
सुनील तालाब में घास निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने काफी देर तक तालाब में उनकी तलाश की, लेकिन तत्काल उनका पता नहीं चल सका। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने तालाब से सुनील का शव बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस
सुनील की पत्नी माया की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक किसान की तालाब में डूबने से मौत हुई है। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र और चार पुत्रियां हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल एसएन सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से युवक की मौत हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।