Etawah Weather: मौसम विभाग ने दी तेज वर्षा, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की चेतावनी
Etawah Weather: सचेत ऐप ने तेज वर्षा और आंधी-तूफान की आशंका जताई है। 70 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
विस्तार
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के अंदर जिले में तेज वर्षा, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है। सचेत एप के माध्यम से प्राप्त इस सूचना के आधार पर जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है। हवाओं की गति 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है। डीएम ने सभी जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने संभावित खराब मौसम के मद्देनजर सावधानी बरतने को कहा है।
प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने और आवश्यक व्यवस्थाएं करने के लिए निर्देशित किया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। आपदा नियंत्रण कक्ष का नंबर 05688 250077 और टोल फ्री नंबर 1077 है। जनसामान्य से घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
बरतें सावधानियां
खराब मौसम में सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में रहें। विद्युत उपकरणों के प्लग निकालें और पेड़ों, विद्युत पोल तथा कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। किसान अपनी फसल, उपकरण और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें। जलभराव वाले क्षेत्रों और विद्युत तारों के समीप न जाएं। बिजली चमकने पर मोबाइल चार्जिंग से बचें और अफवाहों का प्रसार न करें।