UP: दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों की थमी रफ्तार, साम्हो स्टेशन यार्ड में डाउन लाइन में फ्रैक्चर, यात्री परेशान
Etawah News: दिल्ली-हावड़ा रूट पर साम्हो रेलवे स्टेशन यार्ड में डाउन रेललाइन में फ्रैक्चर आने से समस्तीपुर स्पेशल और अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें करीब एक घंटे तक रुकी रहीं। इसके बाद उन्हें 20 किमी/घंटा की धीमी रफ्तार से रवाना किया गया।
विस्तार
इटावा जिले में दिल्ली-हावड़ा रूट पर साम्हो रेलवे स्टेशन यार्ड में डाउन लाइन में फ्रेक्चर होने से शनिवार सुबह ट्रेनों की रफ्तार थम गई। भरथना रेलवे स्टेशन पर समस्तीपुर स्पेशल व अमृत भारत एक्सप्रेस रुकी। वहीं इटावा जंक्शन, इकदिल में भी कई ट्रेनें खड़ी रहीं। तकरीबन एक घंटे बाद लाइन क्लियर होने पर 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनों को कॉशन लगाकर रवाना किया गया।
फिलहाल, फ्रैक्चर होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर स्थित साम्हो रेलवे स्टेशन यार्ड में शनिवार की सुबह डाउन रेललाइन पर फ्रैक्चर होने की सूचना पर दिल्ली से कानपुर की तरफ जा रही 09617 समस्तीपुर स्पेशल एक्सप्रेस को भरथना रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह करीब 6:10 डाउन मैन लाइन पर रोका गया।
यात्रीगण रहे परेशान
इसे लगभग एक घंटे बाद सवा सात बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इसी दौरान पीछे आ रही 19623 अमृत भारत एक्सप्रेस को डाउन लूप लाइन पर रोककर आधा घंटे बाद रवाना किया गया। ट्रेन के रुकने के दौरान यात्रीगण परेशान रहे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय जीआरपी व आरपीएफ के ऑन ड्यूटी सुरक्षाकर्मी मुस्तैद बने रहे।