Etawah: मंदिर के चबूतरे पर मिला अधेड़ का शव; दवाएं और डायरी बरामद, नहीं हो सकी शिनाख्त, जांच में जुटी पुलिस
Etawah News: भरथना के दान सहाय मंदिर के चबूतरे पर 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस को पास से दवाएं और डायरी मिली है, जिससे बीमारी से मौत की आशंका जताई जा रही है।
विस्तार
इटावा जिले के भरथना कस्बा क्षेत्र में मंदिर दान सहाय के चबूतरे पर शुक्रवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई पुख्ता दस्तावेज न मिलने से पहचान नहीं हो सकी।
बताया गया कि सुबह आसपास लोगों ने चबूतरे पर एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने कस्बा चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है।
शव की शिनाख्त कराने का प्रयास
उसके पास से एक बोरी, डायरी और कुछ दवाएं आदि सामान बरामद हुआ हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह कबाड़ा एकत्र कर बेचकर अपना भरण-पोषण करता था और संभवतः किसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त था। थाना पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।