बिजली संकट जारी: 21 सबस्टेशनों में घंटों गुल रही बिजली, फॉल्ट से 10 लाख लोग परेशान
गर्मी और उमस बढ़ने से लोगों का हाल बेहाल है। वहीं, बिजली संकट लोगों के सामने परेशानी खड़ी कर रहा है। वहीं, बिजली की मांग बढ़ने से फॉल्ट और ट्रिपिंग जैसी समस्याएं हो रही है। इसके चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में गर्मी की वजह से बिजली की डिमांड भी लगातार बढ़ रही है। शनिवार को बिजली की मांग 680 मेगावाट तक पहुंच गई। 21 सबस्टेशनों से बिजली आपूर्ति फॉल्ट और शटडाउन की वजह से गुल रही। इससे 10 लाख से अधिक की आबादी प्रभावित रही। फॉल्ट के अलावा 36 सबस्टेशन ऐसे थे, जहां वोल्टेज की समस्या ने लोगों को बहुत रुलाया।
दहेली सुजानपुर सबस्टेशन के रामपुरम में पहले बिजली गुल रही। बाद में लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। फीडर ट्रिप होने से श्याम नगर ई ब्लाक में लोगों को तीन घंटे बिना बिजली रहना पड़ा। हालसी रोड में बिजली ने दिनभर परेशान किया। किदवईनगर एच ब्लाक की बिजली दो घंटे से अधिक समय तक बंद रही।
फॉल्ट की वजह से जूही कलां में बिजली संकट बना रहा। फीडर बंद होने से इंदिरा नगर में दो घंटे बिजली नहीं रही। बेकनगंज, आवास विकास हंसपुरम नौबस्ता में भी तीन घंटे बिजली नहीं रही। आजाद नगर, मसवानपुर, रतनपुर, आनंदपुरी, बेगमपुरवा, चमनगंज, चीनापार्क, स्वरूप नगर, तिलक नगर, सिविल लाइंस की बिजली गुल रही।
बता दें कि गर्मी की तपिश और उमस लगातार बढ़ने से ओवरलोडिंग हो रही है। इससे जगह-जगह तार टूटने और फीडर ट्रिपिंग की समस्या ज्यादा रही। 21 सबस्टेशनों से घंटों बिजली गुल रही। इससे साढ़े 10 लाख लोग परेशान हुए। तमाम उपभोक्ताओं को रात भर बिजली नहीं मिल सकी। दिन में भी ओवरलोडिंग का सिलसिला जारी रहा।