अमन का पैगाम: फर्रुखाबाद-हरदोई समेत अन्य जिलों में ईद की रौनक, हजारों नमाजियों ने मांगी देश की तरक्की की दुआ
Eid 2026 News Today: हरदोई की मुख्य ईदगाहों और फर्रुखाबाद के बीबीगंज में शनिवार को ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाजियों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगी और एक-दूसरे को गले लगकर बधाई दी।
विस्तार
शनिवार को ईद-उल-फितर के मौके पर फर्रुखाबाद, हरदोई समेत अन्य जिलों में उल्लास का माहौल रहा। फर्रुखाबाद के बीबीगंज स्थित प्रमुख ईदगाह सहित जनपद की सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में निर्धारित समय पर ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद खुदा की बारगाह में हाथ उठाकर देश में अमन-चैन, आपसी सौहार्द और तरक्की की सामूहिक दुआ मांगी गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई नए लिबास में खुदा का शुक्राना अदा करता नजर आया।
वहीं, हरदोई में भी शहर की मुख्य ईदगाह में नमाजियों की भारी भीड़ रही। सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग ईदगाह की ओर रुख करने लगे थे। नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। नमाज के बाद बाजारों में रौनक दिखी और लोगों ने सेवइयों व मिठाइयों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
फतेहपुर: नमाजियों ने अमन-चैन की मांगी दुआ
फतेहपुर जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे अकीदत, उल्लास और भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
इटावा: ईदगाह पर दो शिफ्ट में अदा हुई नमाज
इटावा जिले में ईदगाह में शनिवार सुबह दो शिफ्टों में ईद-उल-फितर की नमाज पढ़ी गई। अकीदतमंदों ने मध्य पूर्व में अमन की दुआ की। ईद के बाद सांसद, डीएम, एसएसपी ने मुबारकबाद दी। ईदगाह परिसर में सुबह सात बजे और आठ बजे दो अलग-अलग समय पर नमाज अदा कराई गई। दोनों ही शिफ्ट में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे और पूरी आस्था के साथ इबादत की। भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा।