Hardoi: डिवाइडर पर पड़ा मिला चालक का शव, पुलिस सड़क हादसे में मान रही है मौत, परिजन जता रहे अनहोनी की आशंका
Hardoi News: कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया की शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल परिजनों ने अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी है।
विस्तार
हरदोई जिले में कछौना कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-हरदोई मार्ग पर एक ढाबे के पास डिवाइडर पर एक चालक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस सड़क दुर्घटना में मौत मान रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पाली थाना क्षेत्र के पांडेपुर अमिरता निवासी विमलेश कुमार (45) पुत्र रामशंकर का शव सड़क के डिवाइडर पर पड़ा मिला। लखनऊ-हरदोई मार्ग पर कछौना कोतवाली क्षेत्र के कटियामऊ के पास शव पाया गया। बताया जाता है कि यह लखनऊ से लुधियाना एक नई ट्रक की चेचिस लेकर जा रहे थे।
सड़क किनारे शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने 108 एम्बुलेंस से उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कछौना भेजा। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना परिजनों को दी गई। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का कारण स्पष्ट
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। माना जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन से टकराकर मौत हुई है। हालांकि सीएचसी पहुंचे परिजन अनहोनी की आशंका जाता रहे हैं। कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया की शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल परिजनों ने अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी है।