हरदोई: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला किसान का शव, अपने खेत पर गया था सुबह, परिजन बोले- शरीर पर चोट के निशान
Hardoi Crime: मृतक के पुत्र सूरज ने बताया कि शरीर पा चोट के निशान है। हमारी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं है...न ही किसी पर आरोप लगा रह, लेकिन पिता की हत्या हुई है। कोतवाल नित्यानंद सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
हरदोई जिले में संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर आशू निवासी एक किसान सुबह अपने खेत पर गया था। देर शाम होने पर जब घर वापस नहीं आया, तो परिजन ढूंढने के लिए निकले। कुछ देर बाद संदिग्ध परिस्थियों में किसान का शव खेत में पड़ा मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर आशू निवासी अमर सिंह उर्फ छोटा (45) पुत्र स्व# राम भरोसे बुधवार सुबह अपने खेत पर जाने के लिए निकला था।
देर शाम जब वह वापस नहीं आया, तो परिजन ढूंढने के लिए निकले। उसका शव उसके खेत से 500 मीटर की दूरी पर स्थित माधवबाग के कमरों के चबूतरे पर मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
मृतक के पुत्र सूरज ने बताया कि शरीर पा चोट के निशान है। हमारी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं है...न ही किसी पर आरोप लगा रह, लेकिन पिता की हत्या हुई है। खेती किसानी कर जीवन यापन करते थे। परिवार में मां रूपा, दो पुत्री और चार पुत्र हैं। कोतवाल नित्यानंद सिंह ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।