UP News: हरदोई में दिल दहलाने वाली वारदात, धारदार हथियार से कटी युवक की नाक, जानें क्या था विवाद
Hardoi Crime: बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने धारदार हथियार से युवक की नाक काट दी। साथ ही, दो पुत्र और पुत्रियों को भी जमकर पीटा। पीड़ित परिवार ने एसपी के पास पहुंच कार्रवाई की गुहार लगाई है।
विस्तार
हरदोई जिले में बिलग्राम कोतवाली इलाके में दबंगों ने घर में घुसकर युवक व उसके परिजनों की पिटाई कर दी। धारदार हथियार से पिटाई से युवक की नाक कट गई। इस मामले में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाते हुए परिजन एसपी के पास पहुंचे।
कस्बे के मोहल्ला कटरा हैदराबाद निवासी शमशाद का आरोप है कि उसका 12 वर्षीय पुत्र साहिल गले में चेन पहने हुए था। उसके ही मोहल्ले के रहने वाले असलम के बेटे रेहान ने कहा कि वह कुत्ते की चेन पहने हुए है। इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इसमें रेहान आदि ने उसके बेटे साहिल को मारा पीटा। मामले की सूचना पर उसने इस बात की आपत्ति जताई, जिसके बाद असलम कुरेशी, अकरम, रिजवान, रेहान अयाज ने धारदार हथियार लेकर उसके घर में हमला कर दिया और उसके साथ पुत्र व पुत्रियों को मारा पीटा।
धारदार हथियार से कटी नाक
इस हमले में शमशाद के साथ उसका पुत्र सरताज मेहताब दो पुत्रियां मेहरून्निसा और मुस्कान घायल हो गई। वहीं, धारदार हथियार के हमले से शमशाद की नाक भी कट गई। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरे मामले की सूचना उसने पुलिस को दी है।
पीड़ित ने दोबारा डॉक्टरी परीक्षण की मांग की
पीड़ित का आरोप है कि उसके मुकदमे में मामूली धाराएं लगाई गई हैं, जबकि उसकी नाक कटी है। पीड़ित ने पूरे मामले में दोबारा डॉक्टरी कराए जाने की मांग भी की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।