CSJMU 38th Convocation: श्वेता साहू और जीत शर्मा को स्वर्ण पदक, 55 छात्रों को 98 मेडल, इनको मिली मानद उपाधि
Kanpur News: इस दौरान आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रो. मणींद्र अग्रवाल और प्रो. अनिल गुप्ता को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
विस्तार
कानपुर में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह गुरुवार को आयोजित किया गया। दीक्षांत समारोह में 55 छात्र-छात्राओं को 98 मेडल दिए गए। वहीं, त्रियुगी नारायण महाविद्यालय कानपुर देहात की छात्रा श्वेता साहू और डीबीएस कॉलेज के छात्र जीत शर्मा को कुलाधिपति स्वर्ण पदक दिया गया।
समारोह में कुल 2,09,171 छात्र-छात्राओं को उपाधि दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हनी बी नेटवर्क के संस्थापक पद्मश्री प्रो. अनिल गुप्ता, विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी मौजूद रहे।
इस दौरान आईआईटी कानपुर के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रो. मणींद्र अग्रवाल और प्रो. अनिल गुप्ता को मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। साथ ही, चंद्रयान-3 में सीएसजेएमयू के 4 एलुमनी छात्रों अतुल निगोतिया, प्रियंका मिश्रा, प्रवेश माथुर, प्रियंका यादव को भी सम्मानित किया गया।
इन टीमों का हिस्सा रहे थे
बता दें कि अतुल निगोतिया डिजाइन और विकास अनुभाग का हिस्सा रहे। प्रियंका मिश्रा उप परियोजना निदेशक, सेटेलाइट इंटीग्रेशन के रूप में चंद्रयान-3 से जुड़ीं। प्रवेश माथुर चंद्रयान-1, चंद्रयान-2 व चंद्रयान-3 के साथ-साथ आदित्य एल-1 की सेटेलाइट टीम में शामिल हैं। प्रियंका यादव मिशन चंद्रयान-3 की सेटेलाइट टीम में शामिल थीं।