Csjm University: क्यूएस रैंकिंग पर विवि की नजर, विदेशी छात्रों को भी मिलेगा दाखिला
Csjmu: अगले सत्र से संस्थान के द्वार विदेशी छात्रों के लिए खुल जाएंगे। यही नहीं विवि में विदेश से शिक्षक भी पढ़ाने आएंगे।
विस्तार
नैक में ए प्लस प्लस ग्रेड पाने के बाद से संस्थान की नजरें अब क्यूएस रैंकिंग की तरफ है। क्यूएस रैंकिंग में स्थान पाने के लिए संस्थान में विदेशी छात्रों, शिक्षकों की सहभागिता जरूरी है। इसी को लेकर विदेशी छात्रों के संस्थान में शिक्षा ग्रहण करने पर विचार किया जा रहा है। अभी एक रूसी छात्र विवि में शॉर्ट टर्म कोर्स कर रहा है। हाल ही में नेपाल गए कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने भी वहां के छात्रों से विवि आने और पढ़ने की अपील की। उन्होंने नेपाल के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विवि में पढ़ने की इच्छा जाहिर की थी। विवि के मीडिया प्रभारी डॉ. विशाल शर्मा का कहना है कि संस्थान अब विदेशी छात्रों के प्रवेश को लेकर तैयारियां कर रहा है। अगले सत्र से छात्रों के लिए प्रवेश के द्वार खुल जाएंगे।
ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में पढ़ाएंगे विदेशी शिक्षक
संस्थान में विदेशी छात्रों के प्रवेश के लिए कमेटी को एक हफ्ते के भीतर पूरा खाका तैयार करना है। इसके अलावा विवि अमेरिका, इंग्लैंड, सिंगापुर, ताइवान जैसे 15 देशों के विश्वविद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक व विशेषज्ञों से पढ़ाने की तैयारी भी कर रहा है। देशभर से 15 विश्वविद्यालयों में से सीएसजेएमयू में भी विदेशी शिक्षक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही मोड में पढ़ाएंगे। पहले चरण में बिजनेस मैनेजमेंट, सोशल साइंसेज एंड ह्युमैनिटीज और माॅस कम्युनिकेशन पाठ्यक्रम को शामिल किया गया है। इन पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन माध्यम से विदेश के शिक्षकों से पढ़ने का मौका मिलेगा। बीच-बीच में विदेशी विवि के शिक्षक यहां आकर कक्षाएं लेंगे।