अगर आप क्रेडिट या डेबिट कार्ड रखते है तो अब आपको बहुत सावधान रहने की जरूरत है। दरअसल हैकर ग्रुप की नजर आपके रुपयों पर है अपने ‘काले कारनामों’ से वो कभी भी आपके अकाउंट की रकम उड़ा सकते हैं। हाल ही में यूपी के कानपुर शहर में रहने वाली एक महिला के क्रेडिट कार्ड से विदेश में खरीददारी हो गई। साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है।
कानपुर स्वरूपनगर में रहने वाले एक कारोबारी की पत्नी के क्रेडिट कार्ड से स्पेन में 1.19 लाख रुपये का ऑनलाइन भुगतान हो गया। खास बात यह रही भुगतान से पहले न महिला के पास किसी का फोन आया और न ही उनके मोबाइल फोन पर कोई वन टाइप पासवर्ड पछा गया। भुगतान होने के बाद मोबाइल पर मैसेज आया, तब जाकर उन्हें पता चला। इस तरह से रुपये निकलने का यह पहला मामला सामने आया है। एक्सपर्ट का मानना है कि विदेश में ऑनलाइन पेमेंट करने या नेट बैंकिंग से पैसा ट्रांसफर करने में ओटीपी या पासवर्ड की जरूरत नहीं होती। कार्ड पर लिखे नंबर से भी भुगतान हो जाता है।
कानपुर, स्वरूपनगर में श्रीअपार्टमेंट मेें रहने वाले दिनेश महेश्वरी कारोबारी हैं। उनकी पत्नी रेखा शारदा के पास सिटी बैंक का क्रेडिट कार्ड है। कार्ड की लिमिट 1.30 लाख रुपये है। उनके क्रेडिट कार्ड से स्पेन स्थित मर्चेंट वेले रोमानो में दो बार में (चार अगस्त और छह अगस्त) 1.19 लाख रुपये ((1519 यूरो) का भुगतान हो गया। पहला मैसेज उन्होंने ध्यान नहीं दिया। छह अगस्त को जब दोबारा मैसेज आया तब उन्हें साइबर ठगी का पता चला। इस पर उन्होंने सिटी बैंक में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन बैंक कर्मियों ने रिपोर्ट दर्ज कराकर उसकी कॉपी जमा करने की बात कहकर टरका दिया।