कानपुर: युवक ने फंदा लगाकर दी जान, पंखे से लटकता मिला शव, भाईदूज पर नानी के घर आया था, परिजन बेहाल
Kanpur News: नौबस्ता क्षेत्र में भाईदूज पर अपनी नानी के घर आए युवक ने सोमवार देर शाम कमरे में पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने जांच-पड़ताल की है।
विस्तार
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में भाईदूज पर नानी के घर आए मिर्जापुर निवासी हिमांशु सिंह (23) का शव सोमवार देर शाम कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। नानी उसे बुलाने पहुंचीं, तो कमरा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जवाब नहीं आया। खिड़की से झांककर देखा, तो नाती का शव फंदे पर लटक रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मिर्जापुर के थाना चुनार ग्राम सराय टेकडर निवासी हिमांशु के पिता दिनेश सिंह प्राइवेट कर्मचारी हैं। परिवार में मां बबिता सिंह और छोटा भाई सागर है। परिजनों के मुताबिक, भाईदूज पर हिमांशु नौबस्ता स्थित नानी रजनी देवी के घर आया था।
पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था शव
इसके बाद से वहीं रह रहा था। सोमवार देर शाम नानी उसे बुलाने कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और खटखटाने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। खिड़की से झांककर देखा, तो हिमांशु का शव पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था। नानी की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बबिता बिलख पड़ी।
कारण नहीं बता सके हैं परिजन
उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर ही हिमांशु से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान बेटे ने सबकुछ ठीक बताया था। उसने कहा था कि वह एक-दो दिन में बनारस आ जाएगा। उसने किसी तरह की परेशानी का भी जिक्र नहीं किया था। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि 112 के माध्यम से आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। परिजन घटना के पीछे के कारण नहीं बता सके हैं।
