कानपुर में दर्दनाक हादसा: जर्जर मकान की छत ढही, मलबे में दबकर उजड़ा परिवार, 15 दिन की मासूम समेत तीन की मौत
Kanpur News: पनकी थाना क्षेत्र में जर्जर मकान की छत अचानक ढह गई। मलबे में दबकर 15 दिन की मासूम बच्ची समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया है, जहां अचानक एक मकान की छत ढह गई। हादसे के वक्त कमरे में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए। आनन-फानन लोग और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला गया। इसके बाद अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में महज 15 दिन की एक नवजात मासूम बच्ची भी शामिल है। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट चुकी थीं सांसें
पुलिस बल ने स्थानीय लोगों के सहयोग से भारी मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों के मुताबिक अत्यधिक चोट लगने और दम घुटने के कारण अस्पताल लाने से पहले ही तीनों की मृत्यु हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
