कानपुर: जीटी रोड पर दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, गलत दिशा से ओवरटेक करने में हादसा, एक की मौत और तीन घायल
Kanpur News: बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ में जीटी रोड हाईवे पर गलत दिशा से ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारामऊ चुंगी जीटी रोड हाईवे के पास गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से ओवरटेक करने की कोशिश में तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इनमें से एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर नानकारी निवासी मयंक दुबे, सिंहपुर निवासी शुभम मिश्रा और तन्वी सवार होकर मंधना से आईआईटी गेट की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नारामऊ की ओर से आईआईटी गेट की तरफ जा रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
ओवरटेक करने की कोशिश में हादसा
बताया जा रहा है कि एक बाइक चालक तेजी से गलत दिशा से ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। तभी दोनों बाइकें आपस में बुरी तरह उलझ गईं और सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
एक की मौत, चार घायलों का उपचार जारी
दूसरी बाइक पर सवार कल्याणपुर निवासी रंजीत सोनकर को सीएचसी चौबेपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद बैरीअकबरपुर (कल्याणपुर) निवासी साथी सुजीत की गंभीर हालत को देखते हुए रामा अस्पताल मंधना में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया
पहली बाइक पर सवार मयंक दुबे, शुभम मिश्रा और तन्वी को इलाज के लिए कल्याणपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही बिठूर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।