Coronavirus in Kanpur: उर्सला के दो डॉक्टर समेत 18 नए संक्रमित मिले, सक्रिय मरीजों की संख्या 184 हुई
कानपुर में रविवार को 18 लोगों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद में एक्टिव केस की संख्या अब 184 हो गई है। डॉक्टरों ने इससे बचाव के लिए मास्क पहनने, सार्वजनिक स्थानों में जाने से परहेज करने, सामाजिक दूरी बनाने, सेनेटाइजेशन आदि पर जोर दिया है।
विस्तार
कानपुर में अल्ट्रासाउंड करने वाले उर्सला के दो डॉक्टर कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इससे अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष को सील कर दिया गया है। उर्सला के निदेशक डॉ. सुशील प्रकाश ने बताया कि अल्ट्रासाउंड कक्ष को सेनिटाइज किया गया है। इसे सोमवार को खोल दिया जाएगा। दोनों डॉक्टरों के संक्रमित होने के बाद अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की दिक्कत हो गई है। रोगियों का अल्ट्रासाउंड करने वाला कोई नहीं है।
निदेशक डॉ. प्रकाश का कहना है कि एक डॉक्टर अवकाश पर हैं, उन्हें बुलाया जाएगा। इसके साथ ही रविवार को 18 नए संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों में दो गर्भवती महिलाएं भी हैं। इनकी सेहत की बारीकी से मॉनीटरिंग की जा रही है। उर्सला के 65 वर्षीय और 54 वर्षीय दोनों रेडियोलॉजिस्ट कोरोना की चपेट में आ गए। लक्षण उभरने पर जांच की गई तो कोरोना की पुष्टि हुई है। दोनों डॉक्टरों की स्थिति स्थिर है और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। विनायकपुर की रहने वाली साढ़े चार माह की गर्भवती हाल में ही अयोध्या से लौट कर आई है।
लक्षण उभरने पर सैंपलिंग की गई तो संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसी तरह कृष्णानगर की रहने वाली 28 वर्षीय युवती को कोरोना की पुष्टि हुई है। उसे पांच माह का गर्भ है। दोनों गर्भवतियों की स्थिति स्थिर है। उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। रविवार को कोरोना के 18 नए संक्रमित मिले और 21 संक्रमित होम आइसोलेशन में इलाज से ठीक हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस की संख्या 184 है। कल्याणपुर, नवाबगंज,केपीएम, घाटमपुर आदि इलाकों में कोरोना संक्रमित मिले हैं। 1819 कोरोना संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग कर जांच की गई है। सीएमओ की टीमों ने 1757 लोगों की जांच की है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में 11 सैंपल की जांच हुई। इसके अलावा निजी लैब में जांच हुई है।