कॉम्प्लेक्स अग्निकांड: आग बुझी, बैरिकेडिंग हटेगी, अब होगी भरपाई की तैयारी
बांसमंडी अग्निकांड में जले हुए कॉम्प्लेक्सों को गिराया जाएगा या फिर उसकी मरम्मत कराई जाएगी, इसका फैसला आईआईटी विशेषज्ञों की ओर से की गई जांच के बाद लिया जाएगा। आईआईटी की रिपोर्ट एक-दो दिन में आने की संभावना है।
विस्तार
कानपुर के बांसमंडी के पांच काॅम्प्लेक्स में लगी आग चार दिनों में बुझने के बाद अब एक-दो दिन में व्यापारियों के हुए नुकसान की भरपाई को लेकर तेजी से काम किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार बुधवार या गुरुवार में इंश्योरेंस विभाग के अधिकारियों को बुलाकर वहां एक लिस्ट तैयार कराई जाएगी, जिससे जिनका इंश्योरेंस क्लेम बनता है तो उसे जल्दी दिलाया जा सके।
इसी तरह आग लगने की घटना के बाद से इस क्षेत्र की सेंट्रल स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क और मूलगंज से डिप्टी पड़ाव जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद है, इसे भी अगले 24 घंटे में आम लाेगों के लिए खोलने का फैसला लिया जाएगा। जले हुए कॉम्प्लेक्सों को गिराया जाएगा या फिर उसकी मरम्मत कराई जाएगी, इसका फैसला आईआईटी विशेषज्ञों की ओर से की गई जांच के बाद लिया जाएगा। आईआईटी की रिपोर्ट एक-दो दिन में आने की संभावना है। इसी तरह अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के नेतृत्व में एक टीम व्यापारियों के हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटी है।
उसकी भी रिपोर्ट जल्दी आने वाली है। उसी आधार पर मुआवजा तय होगा। क्योंकि आग की चपेट में आए सभी पांच काॅम्प्लेक्स के अंदर एक हजार से अधिक दुकानें बताई जा रही हैं। जिसमें करीब 30 प्रतिशत दुकानें किराये पर चल रही थीं, ऐसा कहा गया है। ऐसे में किराये पर दुकान लेकर कारोबार कर रहे व्यापारियों को किस तरह से मुआवजा दिया जाएगा इस पर भी टीम काम कर रही है। इसके अलावा नगर निगम की एक टीम भी मौके पर जाकर वहां दुकानों के नुकसान का भी जायजा लेगी। जिलाधिकारी विशाख जी ने कहा कि आग बुझने के बाद अब यह प्रयास है कि जल्दी से वहां पर आवागमन बेहतर हो। इस पर सभी विभागों और व्यापारियों से भी बातचीत कर फैसला लिया जाएगा।