शिवली। अब रैपालपुर गांव में जल्द ही जन्म, मृत्यु प्रमाणपत्र बनने लगेंगे। खसरा, खतौनी और विभिन्न योजनाओं के आवेदन के लिए तहसील के चक्कर नहीं लगाने होंगे। यह सभी सुविधाएं ग्रामीणों को गांव में ही मिलने लगेंगी। महिला कल्याण व बाल विकास पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने गांव में ग्राम सचिवालय का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार गांवों में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दे रही है। ग्रामीणों को छोटे कामों के लिए भटकना न पड़े इसके लिए ग्राम सचिवालय बनाने व उनके डिजिटलीकरण पर जोर दिया जा रहा है। प्रत्येक गांव को आदर्श गांव बनाने की सरकार की मंशा है। रैपालपुर में 17 लाख 40 हजार की लागत से ग्राम सचिवालय बनकर तैयार हुआ है। पंचायत सचिव, लेखपाल ग्रामीणों को यहां आसानी से उपलब्ध रहेंगे। ग्राम सचिवालय के लोकार्पण पर बीडीओ डीपी यादव के न आने पर लोग तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे। बीडीओ के न आने के बावत पंचायत सचिव भी कोई जवाब नहीं दे सके। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुमन देवी, सचिव राजीव द्विवेदी, रज्जन सिंह, बालजी शुक्ला, सोनू यादव मौजूद रहे।