Chitrakoot: विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम पर वृद्ध को धक्का देकर मारने का आरोप, अधिकारियों ने आरोपों को नकारा
बिजली विभाग के एसई बृजेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान ग्रामीण व परिजन सहयोग नहीं कर रहे थे। जांच कर टीम के सदस्य बाहर निकले तो वहां मौजूद बच्छराज को चक्कर आ गया और बेहोश हो गए। उन्हें किसी ने धक्का नहीं दिया।
विस्तार
चित्रकूट में भरतकूप थाना क्षेत्र के खुमानीपुरवा में विद्युत कनेक्शन की जांच करने गई विभाग की टीम से ग्रामीणों की नोकझोंक हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि टीम के सदस्य ने एक बुजुर्ग को धक्का दे दिया। इससे उनकी मौत हो गई। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों ने थाने में शिकायत की है। वहीं, बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों ने आरोपों को नकारा है।
मंगलवार को सवेरे खुमानीपुरवा में बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने छापा मारा। गांव के अमृतलाल द्विवेदी ने बताया कि बिजली विभाग के जेई आलोक मौर्या टीम के साथ बड़े भाई बच्छराज द्विवेदी (65) के घर जांच करने पहुंचे। वहां घर के बाहर लगे मीटर को चेक करने के बाद घर के अंदर जाने लगे। इस पर बच्छराज ने महिलाओं के घर के अंदर होने की बात कहते हुए भीतर जाने देने से मना कर दिया। लेकिन वह नहीं माने। आरोप लगाया कि इसी दौरान टीम के सदस्यों ने बच्छराज को धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गए और उनकी मौत हो गई।
आक्रोशित परिजनों का टीम से विवाद होने लगा। मामला बढ़ता देख विभाग की टीम लौट गई। परिजनों ने थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक का पुत्र, दो पुत्रियां और पत्नी लक्ष्मी देवी रो-रोकर बेहाल हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष सूबेदार बिंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
नहीं दिया धक्का, टीम ने बुलाई एंबुलेंस
बिजली विभाग के एसई बृजेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान ग्रामीण व परिजन सहयोग नहीं कर रहे थे। जांच कर टीम के सदस्य बाहर निकले तो वहां मौजूद बच्छराज को चक्कर आ गया और बेहोश हो गए। उन्हें किसी ने धक्का नहीं दिया। टीम ने ही एंबुलेंस बुलाकर बच्छराज को अस्पताल भेजा था लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई है। टीम पर जो आरोप लगे हैं, उसकी जांच पुलिस करेगी।