Kanpur: बच्चों की एंटी बायोटिक, एंटी एलर्जिक दवाएं सस्ती, प्रति एमएल सिरप व टेबलेट के दाम 20 फीसदी तक होंगे कम
फुटकर दवा व्यापार मंडल के चेयरमैन मेहरोत्रा का कहना है कि बच्चों की दवाओं की कीमत 10 से 20 फीसदी कम हुई है। इसके अलावा बड़ों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के दाम पहले ही घटाए जा चुके हैं।
विस्तार
छोटे बच्चों की दवाओं के दाम भी घटा दिए गए हैं। एंटी एलर्जिक, एंटी बायोटिक आदि सिरप के दाम प्रति एमएल घटाए गए हैं। दवा व्यापारियों का कहना है कि उनकी जानकारी में ऐसा पहली बार हुआ है कि सिरप के दामों की सीलिंग की गई है। इसके साथ ही प्रति टेबलेट भी दाम घटाए गए हैं।
अभी तक सॉल्ट पर दाम घटा दिए जाते थे। इससे बच्चों के सिरप और कम खुराक की दवाओं पर अधिक असर नहीं आता था। फुटकर दवा व्यापार मंडल के चेयरमैन संजय मेहरोत्रा का कहना है कि नेशनल फार्मास्युटिकल्स प्राइसिंग अथॉरिटी ने दिसंबर से जनवरी के बीच तीन बार दवाओं के दामों की सीलिंग की है। इनमें खास बात यह है कि बच्चों की दवाओं के दाम घटे हैं। दवा कंपनियों ने अभी घटे हुए दर की दवाओं की सप्लाई नहीं की है। फुटकर दवा व्यापार मंडल के चेयरमैन मेहरोत्रा का कहना है कि बच्चों की दवाओं की कीमत 10 से 20 फीसदी कम हुई है।
इसके अलावा बड़ों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के दाम पहले ही घटाए जा चुके हैं। इनमें बुखार की भी दवा है। टेबलेट में अलग-अलग पावर की दवाएं हैं। अभी तक डेढ़ सौ से अधिक दवा के दाम घटे हैं। इनमें अलग-अलग सॉल्ट हैं। दवा कंपनियां जब सीलिंग दामों की दवाओं की सप्लाई शुरू करेेंगी तो रोगियों को सस्ती दवाएं मिलने लगेंगी। बच्चों की एंटी बायोटिक सिरप सिफिक्सीम, एमॉक्सलीन, दर्द की दवा इबुब्रूफेन, स्टीरॉयड, उल्टी की दवा ऑनडेस्टीरॉन आदि की कीमतें कम की गई हैं।
सिफिक्सीम सिरप : पहले प्रति एमएल 73 पैसे, अब 59 पैसे
एमॉक्सलीन सिरप : पहले प्रति एमएल दो रुपये 24 पैसे, अब एक रुपये 80 पैसे
सिफिक्सीम 100 सिरप : पहले प्रति एमएल दो रुपये 67 पैसे, अब दो रुपये 13 पैसे
सिफिक्सीम 50 सिरप : पहले प्रति एमएल 1 रुपये 79 पैसे, अब एक रुपये 45 पैसे
इबुब्रूफेन सिरप : पहले प्रति एमएल 24 पैसे, अब 20 पैसे
प्रेडनीसोलोन (वाइसलोन)10 एमजी : पहले प्रति एमएल 1 रुपये 67 पैसे, अब 1 रुपये 7 पैसे
प्रेडनीसोलोन (वाइसलोन) 5 एमजी : पहले प्रति एमएल 92 पैसे, अब 61 पैसे
ऑडेस्टीरॉन दो एमएल : पहले 7 रुपये 25 पैसे, अब 5 रुपये 32 पैसे
फ्रूसेनाइड (प्रति टेबलेट) : पहले 92 पैसे, अब 81 पैसे