बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या: खेत में खून से लथपथ मिली थी बच्ची, आरोपी को आजीवन कारावास, 1.11 लाख का जुर्माना भी
कन्नौज जिले में एक साल पहले टॉफी और 20 रुपये का लालच देकर छह साल की बच्ची को अगवा किया था। दूसरे दिन सुबह बच्ची मक्का के खेत में खून से लथपथ मिली थी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक साल पहले टॉफी और 20 रुपये का लालच देकर छह साल की मासूम को अगवा कर दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में आरोपी को न्यायालय ने आजीवन कारावास सुनाई है। साथ ही, 1.11 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
शासकीय अधिवक्ता बृजेश शुक्ला ने बताया कि गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले शख्स ने 10 जून 2021 को सुभाष नगर निवासी पवन चिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में बताया था कि उसकी छह वर्षीय बच्ची मकान के बाहर खेल रही थी।
इसी दौरान पवन बच्ची को 20 रुपये और टॉफी दिलाने के बहाने साथ ले गया। इसके बाद मासूम का पता नहीं चला और न ही पवन का सुराग मिला। 11 जून की सुबह गांव के बाहर नलकूप के पास मक्का के खेत में खून से लथपथ बेहोशी की हालत में बच्ची मिली। उसे मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया था।
इस मामले की सुनवाई गुरुवार को अपर सत्र न्यायाधीश (विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट) गीता सिंह ने की। उन्होंने पवन को आजीवन कैद और 1.11 लाख रुपये का जुर्माना सुनाया। जुर्माने की राशि पीड़िता को देने का भी आदेश हुआ है। साथ ही सरकार से आर्थिक मदद दिलाने के लिए भी लिखा है।
पीड़िता ने मौत को हराकर जीती थी जिंदगी की जंग
छह वर्षीय बच्ची को अगवा कर पवन ने मक्का के खेत में बंधक बनाकर रखा था। मुंह में कपड़ा ठूस कर शाम करीब छह बजे से सुबह तक पिटाई कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। मेडिकल कॉलेज के बाद बच्ची लखनऊ में एक माह तक भर्ती रही थी।
मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची की पसली टूटी पाई जाने से लेकर कई स्थानों पर चोटें थीं। वहीं विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। अस्पताल में एक माह तक पीड़िता ने जिंदगी और मौत के बीच जूझती रही।