UP: गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश से बोले मुख्यमंत्री- तुम ट्वीट मत करना..., जानिए ऐसा क्यों कहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्याम प्रकाश से कहा कि लोग सोशल मीडिया पर बहुत खराब-खराब लिखते हैं तो उनको लिखने दो, लेकिन तुम कोई ट्वीट मत करना।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के विधायकों व विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक की। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से अपने क्षेत्र के विकास के लिए अलग-अलग मांगे रखीं। इसी दौरान गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ने मुख्यमंत्री से कहा कि हमारे क्षेत्र की बूढ़ा गांव वाली सड़क बनवा दीजिए। लोग सोशल मीडिया पर बहुत खराब-खराब लिखते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने श्याम प्रकाश से कहा कि उनको लिखने दो, लेकिन तुम कोई ट्वीट मत करना। इस पर सभी लोग मुस्कुरा उठे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं को हल कराने का भरोसा भी दिलाया।
विधायक श्याम प्रकाश ने बताया कि उन्होंने पिहानी को तहसील बनाए जाने, पिहानी निकाय क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कराए जाने और पिहानी से बूढ़ा गांव होते हुए कुल्लहा मार्ग का निर्माण कराने की मांग रखी। इसके अलावा पिहानी उमरसेड़ा मार्ग पर भैंसटा नदी पर पुल और रसूलपुर में मढि़या घाट पर गोमती नदी पर पुल, रमदानकुई से अगौलापुर, रहीमपुर- सरैंया तिराहा से बड़ी बाजार तक, धोबिया से धोबिया आश्रम तक और लेहना से छतैया तक डामरीकृत सड़क बनवाने की मांग रखी है।
माधौगंज-बघौली के लिए स्वतंत्र फीडर की जरूरत : अशोक अग्रवाल
विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि माधौगंज से बघौली मार्ग पर जो औद्योगिक इकाइयां हैं, उन्हें बिजली भरपूर नहीं मिल पा रही। उन्होंने इसके लिए एक स्वतंत्र फीडर बनवाने की मांग मुख्यमंत्री से की। कुरसठ चौकी को थाना बनाने के प्रस्ताव में गौसगंज क्षेत्र को शामिल न किए जाने की मांग की। जल जीवन मिशन में गांवों में पाइप लाइन डालने के बाद मरम्मत न किए जाने की शिकायत भी उन्होंने की। हरदोई-लखनऊ मार्ग का निर्माण धीमी गति से होने की बात भी एमएलसी ने मुख्यमंत्री से कही।
हरपालपुर को बनवा दीजिए नगर पंचायत : माधवेंद्र प्रताप
सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने मुख्यमंत्री से हरपालपुर को नगर पंचायत घोषित किए जाने की मांग की। सवायजपुर में एक राजकीय डिग्री कॉलेज, हरपालपुर, श्रीमऊ और बरवन में आईटीआई की स्थापना करने की मांग भी की। सवायजपुर में राजकीय पॉलीटेक्निक की स्थापना, मैकपुर, दहेलिया, तिथिगांव, कैखाई, आदि में जूनियर हाईस्कूलों की स्थापना की मांग भी विधायक ने मुख्यमंत्री से की है। इसके अलावा मिनी स्टेडियम व आयुष अस्पताल और फसल अवशेष से बायोगैस बनाने के लिए संयंत्र स्थापित कराने की मांग भी की है।
सांडी विधायक प्रभाष कुमार ने अपने विधानसभा क्षेत्र के अहिरोरी विकास खंड में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खोले जाने की मांग मुख्यमंत्री से की है। बघौली या इसके आसपास के इलाके में किसानों के लिए उपमंडी खोले जाने की मांग भी विधायक ने की है। साथ ही हरदोई से रामपुर मझियारा तक 15 किलोमीटर की सिंगल रोड को डबल लेन किए जाने, सांडी-बघौली मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किए जाने व सुरसा-बन्नापुर-बीकापुर मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराए जाने की मांग भी प्रभाष कुमार ने मुख्यमंत्री से की है।
इनसेट
84 कोसीय परिक्रमा मार्ग करवा दीजिए दुरुस्त : रामपाल वर्मा
बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र देकर हत्याहरण तीर्थ में विकास कार्य कराने के लिए बजट जारी करने की मांग की है। हथौड़ा तिराहा से तत्योना संपर्क मार्ग के निर्माण की भी मांग उन्होंने मुख्यमंत्री से की है। नैमिषारण्य की 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग पर पड़ने वाले हरदोई जनपद के मार्गाें के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कराए जाने के साथ ही नगर पंचायत कछौना से हथौड़ा बेरुआ होेते हुए थानगांव तक सड़क का निर्माण कराने की मांग भी रामपाल वर्मा ने मुख्यमंत्री से की है।
मांगा सौ बेड का अस्पताल और पावर हाउस : रजनी तिवारी
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी शाहाबाद से विधायक हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से शाहाबाद में सौ बेड का अस्पताल खोले जाने की मांग की। परेली और दलेलनगर में एक एक विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराए जाने की मांग भी रजनी तिवारी ने मुख्यमंत्री से की। उन्होंने शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 12 मार्गाें का सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण कराए जाने का मांगपत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा।
सरकारी भूमि से हटे कब्जा, नगर पालिका का हो परिसीमन : अलका अर्कवंशी
संडीला विधायक अलका अर्कवंशी ने अतरौली चौराहा पर सरकारी भूमि से कब्जा हटवाने की मांग की है। आईटीआई और पॉलीटेक्निक का संचालन शुरू कराने, संडीला कस्बे के सरकारी अस्पताल को उच्चीकृत किए जाने, संडीला नगर पालिका का परिसीमन किए जाने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में बरात घर का निर्माण कराने, भरावन विकास खंड के ईंट भट्ठों को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। बाबा बाणेश्वर मंदिर से कालिका देवी मंदिर तक सड़क और पौराणिक स्थल को विकसित कराने की मांग भी की है।