धोखेबाज दुल्हन: अब पहला पति पुलिस को दे रहा है चकमा, विवेचक से मिलने का वादा कर दे रहा है झांसा
Kanpur News: विवेचक थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिवांगी के पहले पति बृजेंद्र, प्रेमी सोनू समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया, लेकिन कोई सामने नहीं आया।
विस्तार
कानपुर में खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर सिपाही से शादी कर उसे 10 लाख की चपत लगाने की आरोपी धोखेबाज दुल्हन का पहला पति भी शातिर है। उसने एक तरफ कोर्ट में समर्पण की अर्जी दे दी। दूसरी तरफ वह विवेचक से भी मिलने का वादा करके उन्हें झांसा दे रहा है।
शनिवार को विवेचक पूरा दिन उसके बयान दर्ज करने के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं आया। झांसी के खुशीपुरा निवासी शिवांगी सिसौदिया उर्फ सविता देवी ने खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर फेसबुक के माध्यम से फजलगंज थाने में तैनात सिपाही जितेंद्र गौतम से दोस्ती की।
इसके बाद में शिवांगी ने 10 फरवरी 2021 को झांसी में किराये पर बुलाए गए जनातियों की मौजूदगी में जितेंद्र से शादी कर ली थी। सिपाही शिवांगी को लेकर नजीराबाद में एक फ्लैट में रह रहा था। करीब ढाई माह पूर्व सिपाही ने शिवांगी को बेडरूम में प्रेमी सोनू के साथ पकड़ा तब पूरी कहानी सामने आई।
नोटिस भेजा गया, लेकिन कोई सामने नहीं आया
वह पहले से शादीशुदा, दो बच्चों की मां निकली। पहले पति का नाम झांसी निवासी बृजेंद्र है। सिपाही ने शिवांगी के खिलाफ नजीराबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। विवेचक थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिवांगी के पहले पति बृजेंद्र, प्रेमी सोनू समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया, लेकिन कोई सामने नहीं आया। नोटिस की समयावधि समाप्त होने पर बृजेंद्र, सोनू व अन्य पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।