UP: रमईपुर में मेगा लेदर क्लस्टर को केंद्र की सैद्धांतिक सहमति…फुटवियर पार्क भी बनाया जाएगा, जल्द जमा होगी DPR
Kanpur News: मेगा लेदर क्लस्टर में 175 टेनरियों की स्थापना की योजना है, तो इसी क्षेत्र में लेदर फुटवियर बनाने के लिए क्लस्टर स्थापित करने का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इस परियोजना का उद्घाटन अभी तक की जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, अभी इसकी तारीख तय नहीं हो पाई है।
विस्तार
कानपुर में रमईपुर फुटवियर और सहायक उपकरण क्लस्टर विकास के तहत स्थापित होने वाले मेगा लेदर क्लस्टर की डीपीआर 31 मार्च तक केंद्र सरकार को जमा कर दी जाएगी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया है कि इस परियोजना को सैंद्धांतिक मंजूरी भी दे दी गई है। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री की ओर से एक पत्र सांसद रमेश अवस्थी भेजकर जानकारी दी गई है।
सांसद ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को जल्दी शुरू करने के संबंध में केंद्रीय मंत्री से मिलकर अनुरोध किया था। केंद्रीय मंत्री की ओर से बताया गया है कि इस परियोजना पर कुल 425 करोड़ का खर्च आएगा। जिसमें से 125 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की ओर से खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के लिए कुल 240 एकड़ की जमीन तय की गई है।
175 टेनरियों की स्थापना की है योजना
इस परियोजना को लेकर अधिकार प्राप्त समिति की 25 वीं बैठक तीन मार्च को दिल्ली में हुई थी। इसमें इस परियोजना के लिए भूमि सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ अंतिम डीपीआर मार्च के अंतिम तारीख जमा करने के लिए कहा गया है। मेगा लेदर क्लस्टर में 175 टेनरियों की स्थापना की योजना है, तो इसी क्षेत्र में लेदर फुटवियर बनाने के लिए क्लस्टर स्थापित करने का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है।
देश का सबसे अच्छा मेगा लेदर क्लस्टर होगा
इस परियोजना का उद्घाटन अभी तक की जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, अभी इसकी तारीख तय नहीं हो पाई है। इस क्लस्टर में सालाना 13 हजार करोड़ रुपये के उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही यहां से लेदर उत्पादों का निर्यात भी दो गुना हो सकेगा। इस क्लस्टर के परिसर में एक कॉमन फैसिलिटी सेंटर भी बनाया जाएगा। सांसद ने बताया कि केंद्रीय उद्योग मंत्री ने आश्वस्त किया है कि यह देश का सबसे अच्छा मेगा लेदर क्लस्टर होगा।
20 एमएलडी क्षमता वाला ट्रीटमेंट प्लांट लगेगा
क्लस्टर में जूते, सैडलरी के अलावा अन्य चमड़ा उत्पादों की फ्लैटेड इकाइयों समेत 175 टेनरियों की स्थापना की जाएगी। मेगा लेदर क्लस्टर के बनने से टेनरियों की बंदी जैसी समस्या का समाधान हो जाएगा। चर्म निर्यात परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरके जालान ने बताया कि 243 एकड़ वाले प्रोजेक्ट में 55 एकड़ में टेनरी स्थापित की जाएंगी। 30 फीसदी ग्रीन बेल्ट होगी। यहां पर 20 एमएलडी क्षमता वाला ट्रीटमेंट प्लांट लगेगा।