कुएं से बरामद शव का मामला: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने मौत की पुष्टि, पुलिस बोली- नहीं फंसेगा कोई निर्दोष
Fatehpur Crime: औंग थाना क्षेत्र में कबूतर का शिकार करने आए एक युवक की संदिग्ध हालात में बुधवार रात मौत हो गई। परिजनों ने सुबह शव मिलने के बाद हंगामा काटा। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर चचेरे भाई समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
विस्तार
फतेहपुर जिले में औंग थाना क्षेत्र में कबूतर का शिकार करने आए एक युवक की संदिग्ध हालात में बुधवार रात मौत हो गई थी। बड़ाहार गांव में पुराने कुएं में गुरुवार सुबह शव मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और अग्निशमन दल ने शव को शव बाहर निकाला था।
कानपुर जिले के महाराजपुर थाने के सिकठिया गांव के पहुंचे स्वजनों ने उसकी पहचान परवेश (30) के रूप में की थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इससे आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर हंगामा किया था।
वहीं, पत्नी सविता की तहरीर पर सिकठिया के तीन संतोष, पिंटू, सर्वेश व बड़ाहार के रमेश के नाम गैर इरादतन हत्या का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया था। गुरुवार शाम पीएम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार गंगा घाट पर कर दिया।
पुलिस बोली- अभी विवेचना जारी
थाना अध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से परवेश की मौत की पुष्टि हुई है। कुएं में पानी भी था। कार्रवाई के संदर्भ में थाना अध्यक्ष ने बताया कि अभी विवेचना जारी है। घटना के बाबत साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
हादसा और हत्या के बिंदुओं पर हो रही है जांच
परवेश की मौत कुएं में रस्सा टूटने या उतरते समय फिसलने से हुई या धकेला गया जांच का विषय है। किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाएगा। हालांकि पुलिस हत्याकांड के पीछे नशेबाजी मान रही है। पुलिस मामले की जांच हादसा और हत्या के बिंदुओं पर कर रही है।