दोस्ती, धर्मांतरण...फिर दुष्कर्म: प्रेमजाल में फंसाकर युवती से दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र युवती से दुष्कर्म और धर्मपरिवर्तन का मामला सामने आया है। आरोपी युवती को शादी का झांसा देकर दो साल तक शारीरिक शोषण करता रहा। इसके बाद धर्मपरिवर्तन के बाद निकाह से इनकार कर फरार हो गया।
विस्तार
फतेहपुर जिले में सोशल साइट के माध्यम से युवती को प्रेम जाल में फंसाने के बाद दूसरे धर्म के युवक ने दो साल तक शारीरिक शोषण किया। शादी का झांसा देकर धर्मांतरण कराने के बाद गुजरात के सूरत भाग निकला। मामले की युवती एसपी कार्यालय में शिकायत कर चुकी है।
थाना पुलिस पर कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया है। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र की एक युवती मंगलवार को महंत पंडित विजय शर्मा उर्फ गणेशदास महाराज के साथ सीओ खागा कार्यालय पहुंची। युवती ने बताया कि वह करीब दो साल पहले इंटरनेट पर सोशल साइट के खखरेरू के रहने वाले एक मुस्लिम युवक के संपर्क में आई।
धीरे-धीरे युवक ने करीबी बढ़ाई और एक दिन उसे अपने घर खखरेरू ले गया। उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ घोलकर पिला दिया। बेहोशी हालत में युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसका आपत्तिजनक वीडियो, फोटो बनाई। होश आने पर युवक ने प्रेम संबंध का झांसा देकर शादी का प्रस्ताव रखा।
अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी
वहीं शिकायत करने पर वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी। युवती ने बताया कि धमकी से डरकर युवक का कहना मानने लगी। इस तरह से करीब दो साल तक युवक उसका यौन शोषण किया। उसका दो बार गर्भपात कराया। तभी शादी के लिए चार लाख रुपये दहेज में मांगा।
धर्मपरिवर्तन का बनाया दबाव
पिता ने दहेज के लिए रुपये भी दिए। शादी का दबाव बनाने पर उसका धर्म परिवर्तन कराया। कुछ दिन बाद शादी करने का झांसा देकर सूरत चला गया। अब युवक और उसके घरवालों ने शादी से इन्कार कर दिया है। इस तरह उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई है। सीओ दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि इंस्पेक्टर खखरेरू को जांच कर एफआईआर के आदेश दिए गए हैं।